केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, इस बार 17 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Kedarnath Dham 2025: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह शीतकाल के लिए विधिवत रूप से बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। आर्मी बैंड ने पारंपरिक धुनों के साथ बाबा केदार को विदाई दी। वहीं इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने बाबा के चरणों में पुष्प अर्पित किए और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली शीतकालीन गद्दी स्थल उखीमठ के लिए रवाना हो गई। तीन दिन की 55 किलोमीटर लंबी यात्रा के बाद बाबा 25 अक्टूबर को उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। अगले छह महीने तक यहीं से श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें:- नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन पर सियासी संग्राम, पूर्व CM भूपेश बघेल और CM विष्णुदेव साय आमने-सामने
पहला दिन (23 अक्टूबर)- केदारनाथ धाम से रामपुर तक लगभग 26 किलोमीटर की यात्रा की जाएगी। रामपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम किया जाएगा।
दूसरा दिन (24 अक्टूबर)- रामपुर से गुप्तकाशी की ओर लगभग 17 किलोमीटर की यात्रा होगी। मार्ग में फाटा से होकर गुजरना होगा, जो रास्ते का प्रमुख मोड़ है। गुप्तकाशी पहुंचने पर विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और प्रार्थना की जाएगी।
तीसरा दिन (25 अक्टूबर)- गुप्तकाशी से उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर तक लगभग 12 किलोमीटर की यात्रा होगी।
मुख्य पुजारी बागेश लिंग ने बताया कि मंगलवार रात 2:30 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार बंद कर दिए गए। इसके बाद सुबह 4 बजे से 6 बजे तक समाधि पूजा संपन्न हुई। सुबह 6 बजे गर्भगृह के कपाट और साढ़े 8 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इस तरह विधिवत पूजन-अर्चन के बाद बाबा केदारनाथ के कपाट अगले छह महीनों के लिए बंद कर दिए गए। इस साल 2 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक 17 लाख 45 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। (Kedarnath Dham 2025)

यह 2013 की आपदा के बाद दूसरा अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में भक्तों ने केदारनाथ यात्रा की है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा प्रबंधन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। केदारनाथ धाम बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और पंचकेदारों में सर्वोच्च स्थान रखता है। हर साल अप्रैल-मई में कपाट खुलने से लेकर अक्टूबर-नवंबर तक लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शीतकाल में बर्फबारी के कारण धाम पूरी तरह बंद रहता है और बाबा की पूजा उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में की जाती है। (Kedarnath Dham 2025)




