Google Analytics —— Meta Pixel

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सहमति के आसार, टैरिफ 50% से 15% तक घटने की संभावना

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील जल्द होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की कुछ चुनिंदा वस्तुओं पर लगने वाला 50% टैरिफ घटकर 15% तक आ सकता है। दोनों देशों के बीच चल रही वार्ता में ऊर्जा और कृषि सेक्टर अहम मुद्दे बने हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक भारत इन क्षेत्रों में अमेरिका को कुछ रियायतें देने पर विचार कर रहा है। अमेरिकी पक्ष का मानना है कि भारत धीरे-धीरे रूसी कच्चे तेल की खरीद में कमी ला सकता है। इसके बदले भारत अमेरिका से नॉन-जीएम मक्का और सोयामील के लिए बाजार खोल सकता है। भारत का तर्क है कि इससे घरेलू पोल्ट्री, डेयरी और एथेनॉल उद्योग को मजबूती मिलेगी और किसानों के हित भी सुरक्षित रहेंगे।

यह भी पढ़ें:- दिवाली के बाद दिल्ली की हवा जहरीली, राष्ट्रीय राजधानी में बेहद खराब श्रेणी में AQI

वर्तमान में भारत हर साल लगभग 5 लाख टन मक्का अमेरिका से आयात करता है। हालांकि भारत ने साफ कर दिया है कि नॉन-जीएम मक्का पर 15% टैक्स को कम नहीं किया जाएगा। वहीं अमेरिका भारत पर प्रीमियम चीज यानी पनीर को बाजार में प्रवेश देने का दबाव डाल रहा है, लेकिन भारत इस पर सहमत नहीं है। पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल के मुताबिक भारत-अमेरिका ट्रेड डील ट्रंप की टेबल पर है। भारत अपने घरेलू हितों से समझौता नहीं करेगा, लेकिन अमेरिका को एक अहम ट्रेडिंग पार्टनर के रूप में देखता है। समस्या ट्रम्प की ईगो से जुड़ी है। (India US Trade Deal)

टैरिफ विवाद से व्यापार पर असर

उन्होंने कहा कि ट्रम्प ने पहले EU, जापान और दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाकर ट्रेड डील कर ली, लेकिन भारत के साथ यह आसान नहीं है, इसलिए वे हॉट-कोल्ड रणनीति अपना रहे हैं। अमेरिका ने भारत पर ज्यादा टैरिफ वसूलने और रूस से तेल खरीदने के चलते 25%-25% यानी कुल 50% टैरिफ लगा रखा है। इससे भारत का करीब 85 हजार करोड़ रुपए का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 6 अगस्त को भारत पर 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जो 27 अगस्त से लागू हो गया। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई भारत के रूसी तेल आयात के चलते की गई। इससे पहले 30 जुलाई को भी ट्रम्प ने 25% टैरिफ लगाया था।

व्यापारिक रिश्तों में बढ़ोतरी

इन विवादों के बावजूद भारत और अमेरिका का लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक ले जाने का है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जुलाई 2025 में भारत का अमेरिका को निर्यात 21.64% बढ़कर 33.53 अरब डॉलर पर पहुंचा, जबकि आयात 12.33% बढ़कर 17.41 अरब डॉलर रहा। इस दौरान अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना रहा, जिसके साथ कुल 12.56 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। विश्लेषक मानते हैं कि प्रस्तावित ट्रेड डील से भारत को निर्यात में नई गति मिल सकती है, बशर्ते अमेरिका अपनी टैरिफ नीति में लचीलापन दिखाए। (India US Trade Deal)

Back to top button
error: Content is protected !!