बीजापुर में नक्सलियों का तांडव, मामा-भांजे को उतारा मौत के घाट, CRPF जवान के भाई को भी नहीं छोड़ा

Naxalites Killed 2 Villagers: बीजापुर जिले के नेलाकांकेर गांव में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी है। मृतकों की पहचान रवि कट्टम (25 साल) और तिरुपति सोढ़ी (38 साल) के रूप में हुई है। दोनों मृतक मामा-भांजे और पड़ोसी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने दोनों को उनके घर से बाहर बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को आशंका है कि यह हमला बदले की भावना से किया गया है, क्योंकि मृतक तिरुपति का भाई CRPF में जवान है।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh पुलिस की बड़ी सफलता : अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही उसूर पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। नक्सलियों ने इस वारदात को गृहमंत्री विजय शर्मा के बीजापुर और उसूर क्षेत्र के दौरे के बाद अंजाम दिया है। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की सक्रियता और प्रशासनिक गतिविधियों के चलते यह हिंसक कदम उठाया है। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। (Naxalites Killed 2 Villagers)
एक महीने के अंदर 7 ग्रामीणों की हत्या
जानकारी के मुताबिक तिरुपति सोढ़ी 8वीं पास और पेशे से किसान था। जबकि कट्टम रवि 12वीं पास था। दोनों का आना जाना आवापल्ली से बीजापुर मुख्यालय तक होता था। इसलिए मुखबिरी के शक में दोनों को मारा है। बता दें कि नक्सलियों ने एक महीने के अंदर 7 ग्रामीणों को मौत के घाट उतारा है। नक्सलियों ने अक्टूबर महीने में 5 ग्रामीणों की हत्या की है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 4 अक्टूबर के बस्तर दौरे से ठीक पहले नक्सलियों ने सुकमा और बीजापुर जिलों में दो ग्रामीणों की हत्या की थी। इससे पहले सुकमा में दो और बीजापुर में एक ग्रामीण को मौत के घाट उतारा गया था।
25 साल में 1 हजार 820 से ज्यादा लोगों की हत्या
इससे पहले 28 सितंबर को बीजापुर में नक्सलियों ने 27 साल के सुरेश कोरसा को अगवा कर मार डाला था। इसी तरह इस साल अब तक नक्सलियों ने बीजापुर और सुकमा जिलों में 9 शिक्षादूतों की भी हत्या की है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से बस्तर के अलग-अलग जिलों में अब तक 1 हजार 820 से ज्यादा लोगों की हत्या हो चुकी है, जिसमें आम नागरिक और जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा हत्या बीजापुर जिले में हुई है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। सुरक्षाबल इलाके में सक्रिय हैं और नक्सली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
बस्तर में हो रही नक्सल हत्याओं पर जवाब दे सरकार: बैज
वहीं ग्रामीणों की हत्या को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि गृहमंत्री विजय शर्मा बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र के नब्वी गांव गए थे। गृहमंत्री के दौरे के दूसरे दिन ही वहां से 10 किमी दूर नक्सलियों ने दो आदिवासियों की हत्या कर दी। एक तरफ सरकार नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़े-बड़े दावा करती है। सरकार बताती है कि नक्सली स्वफूर्त आत्मसमर्पण कर रहे हैं। दूसरी ओर नक्सली रोज बस्तर में ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं। पिछले हफ्ते एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या हो गई। सुकमा में एक ग्रामीण को नक्सलियों ने मार डाला। अब बीजापुर में दो हत्याएं। सरकार इन हत्याओं का जवाब दे। सरकार के अति आत्मविश्वास का खामियाजा बस्तर के आदिवासियों को भुगतना पड़ रहा है।



