Google Analytics —— Meta Pixel

बॉलीवुड और टीवी जगत के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का निधन, 74 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

Satish Shah Passes Away: बॉलीवुड और टीवी जगत के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 साल के थे। उनके मैनेजर ने बताया कि शाह का पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में रखा गया है और अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। सतीश शाह लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट कोलकाता में हुआ था। डेढ़ महीने तक वहां इलाज के बाद वे पूरी तरह ठीक होकर मुंबई लौट आए थे। शनिवार दोपहर अचानक खाना खाने के बाद वे गिर पड़े और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

यह भी पढ़ें:- पुतिन का अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जबाव, कहा- दबाव में नहीं झुकते आत्मसम्मान वाले देश

कॉमेडियन जॉनी लीवर ने सतीश शाह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे मेरे करीब 40 साल पुराने दोस्त थे। फिल्ममेकर विवेक शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह ही मेरी सतीश जी से चैट पर बात हुई थी। हम रोज एक-दूसरे को रील्स और दिलचस्प वीडियो भेजते थे। उनके सहयोगी रमेश उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। शाह का करीब डेढ़ साल से डायलिसिस चल रहा था। कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि वे नवंबर से फिर से काम शुरू करेंगे। उन्होंने अपनी एक सेल्फी भी भेजी थी और मजाक में कहा था देख मैंने 20-22 किलो वजन घटा लिया है, अब मैं कितना हैंडसम लग रहा हूं। (Satish Shah Passes Away)

सतीश शाह का फिल्मी सफर

मुंबई के मांडवी में जन्मे सतीश शाह ने सेंट जेवियर्स कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में FTII पुणे से अभिनय की ट्रेनिंग ली। साल 1972 में उन्होंने डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी। सतीश शाह ने 1970 में फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से करियर की शुरुआत की। उन्होंने कल हो ना हो (2003), मैं हूं ना (2004), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी सुपरहिट फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। टीवी पर उन्होंने 1984 में ‘ये जो है जिंदगी’ से डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 55 एपिसोड में 55 अलग-अलग किरदार निभाकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद वे फिल्मी चक्कर, घर जमाई, टॉप 10, साराभाई वर्सेज साराभाई और कॉमेडी सर्कस जैसे लोकप्रिय शोज का हिस्सा बने।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सतीश शाह जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्हें भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उनके सहज हास्य और प्रतिष्ठित अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में हंसी ला दी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि चार दशकों तक अपने अभिनय से लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाले सतीश शाह जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। सिनेमा जगत में उनकी अदाकारी और सौम्य व्यक्तित्व सबको मंत्रमुग्ध करता था। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।  

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता सतीश शाह जी के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। ‘जाने भी दो यारों’, ‘मैं हूं ना’, ‘कहो ना प्यार है’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘जुड़वा’ जैसी फिल्में और ’साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे धारावाहिक में अपने अभिनय और अपनी अद्भुत हास्य शैली से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनके जाने से भारतीय कला क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार, परिचितों और उनसे जुड़े सभी लोगों को यह दर्द सहने की शक्ति प्रदान करें। (Satish Shah Passes Away)

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा कि सतीश शाह की दोपहर में तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। वे किडनी से संबंधित बीमारी से पीड़ित थे। उनका पार्थिव शरीर हिंदुजा अस्पताल में है। उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। वे एक बेहतरीन अभिनेता और इंसान थे। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। यह हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। अभिनेता राजपाल यादव ने दिग्गज अभिनेता और हास्य अभिनेता सतीश शाह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद समाचार है। हम असरानी जी के निधन को भूले भी नहीं थे और आज हमें यह खबर मिली। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

Back to top button
error: Content is protected !!