‘मोंथा’ तूफान की दस्तक! 100 किमी/घंटा रफ्तार से चलेगी हवा, आंध्र-ओडिशा तट पर अलर्ट
ओडिशा में रेड वार्निंग, 8 जिलों में NDRF और ODRAF की तैनाती — मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया

Odisha Cyclone Montha : बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव तेज़ी से ताकतवर होकर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ (Odisha Cyclone Montha) में तब्दील होने की कगार पर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह प्रणाली सोमवार तक एक चक्रवाती तूफान और मंगलवार (28 अक्टूबर) तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है।
यह भी पढ़े :- अमेरिका-चीन ट्रेड डील पर सहमति, अब 100% टैरिफ नहीं लगाएंगे ट्रंप…!
IMD का अनुमान है कि ‘मोंथा’ 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के आसपास ज़मीन से टकराएगा। उस समय 90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो बढ़कर 110 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं।
कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवात के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में सतर्कता और बचाव की तैयारी
ओडिशा सरकार ने संभावित आपदा से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। राज्य के आठ दक्षिणी जिलों — मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, कंधमाल और कालाहांडी — में रेड वॉर्निंग जारी की गई है।
राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि संवेदनशील पहाड़ी और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा,
“राज्य सरकार किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारा लक्ष्य है — किसी भी तरह की जनहानि न हो।”
बचाव बलों की तैनाती
ओडिशा में ओडीआरएएफ (ODRAF) की 24 टीम, एनडीआरएफ (NDRF) की 5 टीम और अग्निशमन सेवा की 99 इकाइयां तैनात की गई हैं। कुल मिलाकर 5,000 से अधिक प्रशिक्षित कर्मियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए लगाया गया है।
आईएमडी का अपडेट
IMD के सोमवार सुबह 4 बजे के बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात ‘मोंथा’ पिछले तीन घंटों में 16 किमी/घंटा की गति से पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा। इसका केंद्र चेन्नई से लगभग 600 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व, काकीनाडा से 680 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और विशाखापत्तनम से 710 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित था। (Odisha Cyclone Montha)
मौसम विभाग ने कहा कि यह प्रणाली अगले 12 घंटों में और मज़बूत होकर गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है। (Odisha Cyclone Montha)



