नक्सल संगठन को दोहरा झटका, 45 साल से सक्रिय 2 बड़े नक्सली लीडरों ने डाले हथियार

Naxalites Surrender in Telangana: तेलंगाना में नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, 2 बड़े नक्सली लीडरों ने सरेंडर कर दिया है। केंद्रीय समिति सदस्य पुल्लुरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना और तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य बंडी प्रकाश उर्फ प्रभात ने DGP बी. शिवधर रेड्डी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। DGP ने दोनों का मुख्यधारा में लौटने पर स्वागत किया और पुनर्वास के तहत चेक प्रदान किए। पुलिस के मुताबिक चंद्रन्ना पिछले 45 सालों से और प्रभात 42 सालों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे। चंद्रन्ना पर 25 लाख और प्रभात पर 20 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों ही तेलंगाना के निवासी हैं।
यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में करंट से चाचा-भतीजे की मौत, बिजली बोर्ड ने ली दोनों की जान
DGP रेड्डी ने बताया कि यह सरेंडर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अपील के बाद हुआ, जिसमें नक्सलियों से हथियार छोड़कर राज्य के विकास में जुड़ने की बात कही गई थी। दोनों नेताओं ने संगठन छोड़ने के कारणों में बिगड़ती सेहत, सुरक्षाबलों का दबाव, वैचारिक मतभेद और आंतरिक कलह की बात कही। DGP ने कहा कि दो वरिष्ठतम नक्सली नेताओं का मुख्यधारा में लौटना, तेलंगाना पुलिस की व्यापक रणनीति की नैतिक जीत है। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 427 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जिनमें दो केंद्रीय समिति और आठ राज्य समिति सदस्य शामिल हैं। वर्तमान में 64 नक्सली अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। (Naxalites Surrender in Telangana)

सुकमा में नक्सली साजिश नाकाम
इधर, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के फूलबगड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम किया है। फूलबगड़ी-बड़ेशेट्टी मार्ग किनारे से सुरक्षाबलों ने 40 किलो वजनी IED बम बरामद किया, जिसे नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए लगाया था। गश्त पर निकले जिला पुलिस बल और 159वीं बटालियन CRPF के जवानों ने समय रहते विस्फोटक का पता लगाया और बम निरोधक दस्ते की मदद से उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। घटना के बाद इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि यह IED सुरक्षाबलों की नियमित आवाजाही को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था। (Naxalites Surrender in Telangana)



