महासमुंद में दिल दहला देने वाली वारदात, चोरी के शक में भीड़ ने अधेड़ को पीट-पीटकर मार डाला

Mob Lynching in Mahasamund: महासमुंद जिले के पतेरपाली गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गांव के लोगों ने केबल वायर चोरी के शक में एक अधेड़ को पकड़कर निर्ममता से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान बागबाहरा के मोहबा गांव के रहने वाले 50 साल के कौशल सहिस के रूप में हुई है। घटना 25 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है। हालांकि मामला अब जाकर उजागर हुआ है।
कैसे हुई वारदात ?
सुबह के समय पतेरपाली गांव के पास रेलवे पटरी के किनारे धुआं उठता देखा गया। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो एक शख्स केबल वायर जलाकर तांबे का तार निकालते हुए दिखाई दिया। चोरी की आशंका में ग्रामीण भड़क उठे और अधेड़ को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने कौशल सहिस के हाथ बांध दिए और गांव के महावीर चौक पर लाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। बताया जा रहा है कि शख्स रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन भीड़ का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था। इस बीच भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने कौशल के परिजनों से 25 हजार रुपए की मांग की। कहा गया कि पैसे देने पर उसे छोड़ दिया जाएगा। मृतक के परिजनों ने बताया कि वे गरीब हैं और इतने पैसे नहीं दे सकते।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप ने PM मोदी को बताया सबसे अच्छा दिखने वाला इंसान, बोले- जल्द होगी भारत-अमेरिका ट्रेड डील
मृतक की मां कचरी बाई सहिस ने फोन पर कहा कि हमारा उससे कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद भीड़ ने कौशल को और पीटा और मुक्तिधाम के पास उसकी लाश फेंक दी। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने वहां से मिट्टी, खून और संघर्ष के निशान बरामद किए। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में अंदरूनी चोटों से मौत की आशंका जताई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, जिनमें पतेरपाली ग्राम पंचायत की सरपंच जयसुधा चंद्राकर के पति हेमंत चंद्राकर, उनका भतीजा और गांव का कोटवार शामिल हैं।
फोन कॉल्स और पैसों की बातचीत
जांच में खुलासा हुआ है कि सरपंच पति हेमंत चंद्राकर ने मृतक के परिचित सुभाष चंद्राकर को तीन बार कॉल किया था। उन्होंने मृतक की मां से बात करवाई और 25 हजार रुपए देने पर छोड़े जाने की बात कही। जब परिजनों ने मना किया तो कुछ देर बाद कौशल की मौत हो गई। मृतक की मां ने बताया कि कौशल उनके पांच बच्चों में सबसे बड़ा था। पिता की मौत कोरोना काल में हो चुकी है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि 25 अक्टूबर को हत्या की सूचना मिली थी। शव मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है मृतक
वहीं थाना प्रभारी शरद दुबे ने कहा कि घटनास्थल से खून और संघर्ष के निशान मिले हैं। मृतक के कपड़ों पर कीचड़ और घसीटने के निशान साफ हैं। आरोपी हेमंत चंद्राकर ने कहा कि मैं मृतक को जानता ही नहीं और न ही मैं घटनास्थल पर मौजूद था। मुझ पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। हालांकि पुलिस हेमंत चंद्राकर और उनके रिश्तेदारों से लगातार पूछताछ कर रही है। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि कौशल सहिस पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है, जिसके चलते परिवार और गांववालों में नाराजगी थी। बताया जा रहा है कि पिता ने भी उसे चोरी की हरकतों से तंग आकर घर से निकाल दिया था।
दलित समुदाय में आक्रोश
मृतक दलित समाज से था, जिसके चलते अब मामला जातीय हिंसा की दिशा में भी जांचा जा रहा है। सामाजिक संगठनों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स की जांच के बाद अगले कदम तय किए जाएंगे। महासमुंद के पतेरपाली गांव में हुई यह वारदात सिर्फ एक चोरी के शक की कहानी नहीं, बल्कि भीड़तंत्र की खौफनाक मिसाल बन गई है। सवाल उठता है कि क्या शक के आधार पर किसी की जान लेना न्याय है ?
रायगढ़ में भी नाबालिग के साथ मारपीट
इधर, रायगढ़ जिले में भी चोरी के शक में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बेल्ट और बेसबॉल बैट से नाबालिग को पीटा और उसे खंभे से बांध दिया। जानकारी के मुताबिक आरोपी अपनी चाय की दुकान में लगातार चोरी होने की घटनाओं से परेशान थे और इसी कारण उन्होंने नाबालिग पर शक किया और उसे जमकर पीटा। यानी उनका उद्देश्य नाबालिग को सजा देना और चोरी के बारे में पूछताछ करना था, जो कानून और समाज के हिसाब से पूरी तरह गलत और अपराध है। पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है और सिटी कोतवाली की टीम आरोपियों की पहचान कर रही है।



