ट्रंप ने PM मोदी को बताया सबसे अच्छा दिखने वाला इंसान, बोले- जल्द होगी भारत-अमेरिका ट्रेड डील

Trump on PM Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें नाइसेस्ट लुकिंग गाय यानी सबसे अच्छा दिखने वाला इंसान बताया है। ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील जल्द होने वाली है। उन्होंने यह बयान बुधवार को साउथ कोरिया में चल रही APEC CEO समिट में दिया। ट्रंप ने PM मोदी को “किलर” और “टफ ऐज हेल” कहकर संबोधित किया। उनका मतलब था कि मोदी बाहर से शांत दिखते हैं, लेकिन अंदर से बेहद सख्त और निर्णायक नेता हैं। उन्होंने कहा कि PM मोदी एक संतुलित और मजबूत लीडर हैं, जो भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- बुलंद हौसलों के साथ आगे बढ़ने वालों को मिलती है सफलता – उप मुख्यमंत्री अरुण साव
ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि जब भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ा हुआ था तो मैंने दोनों से जंग रोकने की अपील की थी, लेकिन उन्होंने पहले इनकार कर दिया। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों पर 250% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। इसके दो दिन बाद दोनों देशों ने उन्हें फोन किया और सीजफायर पर सहमति जताई। ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की भी सराहना की। उन्होंने मुनीर को जबरदस्त फाइटर बताया।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चर्चा
भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बीते हफ्ते कहा था कि भारत किसी भी सौदे में जल्दबाजी नहीं करेगा। भारत सिर पर बंदूक रखकर डील नहीं करता। हर ट्रेड समझौता दीर्घकालिक दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। गोयल ने यह भी बताया कि भारत हाई टैरिफ के प्रभाव को कम करने के लिए नए बाजारों की तलाश में है। दरअसल, अमेरिका चाहता है कि उसके डेयरी प्रोडक्ट्स यानी दूध, पनीर, घी भारत में निर्यात के लिए खुले, लेकिन भारत सरकार इस पर सतर्क है, क्योंकि देश का डेयरी सेक्टर करोड़ों छोटे किसानों से जुड़ा है। इसके अलावा धार्मिक भावना भी जुड़ी है। अमेरिका में गायों को ऐसे एंजाइम खिलाए जाते हैं, जो जानवरों की हड्डियों से बनते हैं। जबकि भारत में ऐसे दूध को नॉन-वेज मिल्क माना जाता है।
भारत-अमेरिका व्यापार के आंकड़े
भारत और अमेरिका का लक्ष्य है कि 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर किया जाए। अप्रैल-जुलाई 2025 के बीच भारत का अमेरिका को निर्यात 21.64% बढ़कर 33.53 अरब डॉलर हुआ। जबकि आयात 12.33% बढ़कर 17.41 अरब डॉलर रहा। इस अवधि में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना रहा, कुल व्यापार 12.56 अरब डॉलर का रहा। ट्रंप ने 6 अगस्त को भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जो 27 अगस्त से लागू हो गया। एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के मुताबिक यह निर्णय रूसी तेल खरीद के कारण लिया गया। इससे पहले 30 जुलाई को भी उन्होंने 25% टैरिफ लगाया था। यानी अब भारत पर कुल 50% टैरिफ लागू है।



