Google Analytics —— Meta Pixel

भिलाई में प्रेमिका के बुलाने पर पहुंचा प्रेमी, परिवारवालों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Man Murder in Bhilai: दुर्ग जिले के भिलाई से एक दर्दनाक वारदात सामने आई है,जहां एक युवक की उसकी प्रेमिका के बुलाने पर घर जाने के बाद हत्या कर दी गई। घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र के मांझी चौक कैनल रोड की है। मृतक का नाम धीरज उर्फ विक्की सरोज है, जो 25 साल का था। जबकि युवती का नाम खुशी है। दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे और पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध में थे।

यह भी पढ़ें:- कवर्धा में फर्जी मतदाता जोड़ने का आरोप, भाजपा ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर को घेरा

कैसे हुई वारदात ?

जानकारी के मुताबिक 30 अक्टूबर की सुबह खुशी ने अपने प्रेमी धीरज को घर बुलाया, यह कहकर कि घर में कोई नहीं है। धीरज अपने घर से निकला और खुशी के घर पहुंच गया। कुछ देर दोनों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी अचानक खुशी का भाई सूरज घर पहुंच गया। उसने दोनों को साथ देखा और गुस्से में आगबबूला हो गया। सूरज ने तुरंत अपने मामा के बेटों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में चार-पांच लोग वहां पहुंच गए और धीरज की बेरहमी से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि सिर पर गंभीर चोट लगने से धीरज की मौके पर ही मौत हो गई। (Man Murder in Bhilai)

मेरे बेटे को बुलाकर मरवाया गया: मां

मृतक की मां शोभा सरोज ने आरोप लगाया कि लड़की खुशी ही उनके बेटे को बुलाकर ले गई थी। उन्होंने बताया कि वो घर आई और बोली कि घर में कोई नहीं है, चलो बात करते हैं। मेरा बेटा गया और फिर कभी लौटकर नहीं आया। चार-पांच लोगों ने गेट बंद कर मेरे बेटे को मारा। जब मैं पहुंची, तब वो खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने यह भी बताया कि 15 दिन पहले लड़की के भाई सूरज ने मेरी बेटी को भी गायब करवा दिया था, तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि युवती के बुलाने पर ही युवक उसके घर गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में कुल पांच लोग शामिल थे, जिसमें लड़की का भाई सूरज, मामा का बेटा सुधांशु और तीन अन्य युवक। इनमें से दो को गिरफ्तार किया गया है, तीन अब भी फरार हैं।

उठ रहे कई सवाल

  • क्या इस पूरे मामले की जड़ प्रेम प्रसंग थी या परिवारिक दुश्मनी भी जुड़ी थी ?
  • युवती की भूमिका क्या रही-क्या वह घटना में शामिल थी या खुद भी दबाव में थी ?
  • पुलिस ने अगर पहले की शिकायतों पर कार्रवाई की होती तो क्या यह हत्या टल सकती थी ?
  • क्या अब इस केस में लड़की पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी ?
  • आखिर कब तक छत्तीसगढ़ में ऑनर किलिंग जैसी वारदातें थम पाएंगी ?
  • क्या प्रेम संबंधों में हिंसा रोकने के लिए कोई ठोस सामाजिक पहल होगी ?
Back to top button
error: Content is protected !!