Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर बड़ा हादसा, गाय तस्करी कर ले जा रहा कंटेनर पलटा, 25 मवेशियों की मौत

CG Maharashtra Border Accident: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर के पास गट्टा क्षेत्र में एक कंटेनर पलट गया। कंटेनर में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर तेलंगाना की ओर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे करीब 25 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे गायों के शव देखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर गट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को जब्त कर लिया। सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह मवेशी तस्करी का मामला है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से रोजाना बड़ी संख्या में मवेशियों को अवैध रूप से पड़ोसी राज्यों में भेजा जाता है, जहां उन्हें कत्लखाने तक पहुंचाया जाता है।

यह भी पढ़ें:- भिलाई में प्रेमिका के बुलाने पर पहुंचा प्रेमी, परिवारवालों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार जिला के अमेरा गांव में 150 से ज्यादा गायों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने गौमाता को राज्य माता का दर्जा देने का बड़ा दावा किया था, आज उनकी अपनी सरकार के कार्यकाल में गौमाता के शव गौशालाओं में पड़े हैं। न तो दाना-पानी की व्यवस्था है, न देखरेख की जिम्मेदारी, बस खोखले दावे और दिखावा। यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा के लिए गौमाता सिर्फ चुनावी भाषणों और राजनीतिक हथियार बनाने का जरिया हैं, जबकि जमीनी हकीकत में उनके लिए कोई जगह नहीं है। (CG Maharashtra Border Accident)

2500 से ज्यादा गायों की मौत हुई: बैज

बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश में लगातार गायों की मौत हो रही है। अभी तक 2500 से ज्यादा गायों की मौत भूख और दुर्घटना से हुई है। साथ ही 5 लाख से ज्यादा गाय प्रदेश से लापता है, उनकी तस्करी कर दी गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि बलौदाबाजार से पहले बेमेतरा जिले के मानव निर्मित जंगल में 200 से ज्यादा गायों की भूख और बीमारी से मौत हुई थी। गौवंश की मौत का सिलसिला लगातार चल रहा है। सरकार पशुधन की रक्षा नहीं कर पा रही है। भाजपा सरकार के 22 महीने के कार्यकाल में हजारों गोवंश की भूख, बीमारी और दुर्घटना से मौत आम हो गई है। यहां से रोज 5000 पशुधन की तस्करी हो रही है। 5 लाख से ज्यादा गाय लापता है। सरकार उसकी खोजबीन नहीं कर रही है। इससे स्पष्ट हो गया कि भाजपा चुनावी गौ सेवक वोट लेने बस गौ माता की जयकारा लगाती है। सत्ता मिलने के बाद गौ विरोधी कृत्य करती है।

कांग्रेस ने की गौठनों को दोबारा खोलने की मांग

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि गौ माता को राज माता का दर्जा देने का दम्भ भरने वाले गौ माता को भरपेट भोजन दवाइयां सुरक्षित रहने का प्रबंध नहीं कर पा रही है। पूर्व सरकार की बनाई गौठनों को तालाबंद कर दिया, जिसके चलते गौ माता दर-दर भटक रही है। इस सरकार के पास पशुधन के संरक्षण के लिए न कोई नीति है न नियत है। भाजपा सरकार के राज में गौ माता के नाम से अनुदान और योजना राशि नेता अधिकारी खा रहे है। बिलासपुर के मानव निर्मित जंगल मे कैम्पा मद से पशुधन के लिए चारा पानी की व्यवस्था करना था, लेकिन पैसा अधिकारी खा गए। एक बड़ा चारा घोटाला हुआ है। ठाकुर ने गौठन को फिर खोलने और चारा-पानी, दवाई की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 10 हजार से ज्यादा गौठनों में 7 हजार से ज्यादा गौठन आत्मनिर्भर था, जिसमें सरकार का एक रुपया भी नहीं लगता था। भाजपा ने राजनीतिक द्वेष के चलते गौठनों को बंद कर दिया, जिसका खामियाजा गौ माता भुगत रही है।

रायगढ़ में कार की टक्कर से तीन की मौत

इधर, रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में भी बड़ा हादसा हुआ है, जहां धरमजयगढ़-कापू मार्ग के चाल्हा मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे पैदल चल रही महिला को रौंद दिया। इस हादसे में दो बाइक सवार युवक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कापू पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चाल्हा मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन हादसे का कारण बनते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। (CG Maharashtra Border Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!