भारत ने होबार्ट में किया सबसे बड़ा रन चेज, ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर

India Vs Australia T20: भारत ने होबार्ट में खेले गए तीसरे T-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। भारत ने 187 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया। यह इस मैदान पर किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा रन चेज रहा। होबार्ट में भारतीय टीम ने पहली बार T-20 इंटरनेशनल खेलते हुए बड़ा रिकॉर्ड बनाया। इस मैदान पर अब तक का सबसे बड़ा रन चेज 2022 T-20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने किया था, जब उसने स्कॉटलैंड के खिलाफ 180 रन का लक्ष्य हासिल किया था। भारत ने अब यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। चौथा मुकाबला 6 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट स्टेडियम में होगा।
यह भी पढ़ें:- तेलंगाना में गिट्टी से लदे डंपर ने बस को मारी जोरदार टक्कर, 20 की मौत, कई घायल
ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने सिर्फ 23 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। वह भारत के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बने। पहले स्थान पर कैमरन ग्रीन हैं, जिन्होंने हैदराबाद में 19 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके साथ ही उन्होंने T-20 में सबसे ज्यादा बार 3 विकेट लेने के मामले में कुलदीप यादव की बराबरी की। दोनों के नाम अब 14 बार 3-विकेट हॉल हैं। अर्शदीप प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतते ही खुशी से दोनों हाथ उठाकर हवा में झूमते हुए जश्न मनाया। (India Vs Australia T20)

यह उनका लगातार दो टॉस हारने के बाद पहला टॉस जीतना था। उन्होंने बाद में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श को गले से लगाकर खेल भावना का परिचय दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने टिम डेविड का कैच ड्रॉप कर दिया। बुमराह की ऑफ स्टंप के बाहर की यॉर्कर पर पॉइंट पर खड़े सुंदर के पास आसान कैच था, लेकिन वह गेंद को पकड़ नहीं सके। 7वें ओवर में टिम डेविड ने अक्षर पटेल की गेंद पर 129 मीटर का गगनचुंबी छक्का जड़ा। यह छक्का स्टेडियम की छत से टकराकर वापस मैदान में आया। इससे पहले उन्होंने उसी ओवर में कवर के ऊपर से भी एक शानदार छक्का लगाया।

16वें ओवर में अभिषेक शर्मा की गेंद पर अर्शदीप ने डीप मिडविकेट से दौड़ लगाते हुए कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक गई। इससे मैथ्यू शॉर्ट को जीवनदान मिला। 8वें ओवर में टिम डेविड ने शिवम दुबे की गेंदों पर लगातार चौके जड़ते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनका 9वां T-20 फिफ्टी था। 18वें ओवर में मार्कस स्टोयनिस ने भी अर्शदीप सिंह की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की, यह उनका 6वां अर्धशतक रहा।

12वें ओवर में नाथन एलिस की गेंद पर अक्षर पटेल पुल शॉट खेलने में चूके और गेंद हवा में चली गई। शॉर्ट मिडविकेट पर खड़े जेवियर बार्टलेट ने दौड़ लगाकर आगे की तरफ शानदार डाइव लगाई और कैच लपक लिया। अक्षर 17 रन बनाकर आउट हुए। भारत की इस जीत ने न केवल सीरीज में वापसी कराई, बल्कि कई रोमांचक रिकॉर्ड भी बनाए। अब सीरीज का चौथा मुकाबला निर्णायक साबित हो सकता है, जिसमें दोनों टीमें बढ़त हासिल करने के लिए उतरेंगी। भारत दूसरा मैच 4 विकेट से गंवाने के बाद 0-1 से पिछड़ गया था। पहला T-20 बारिश में धुल गया था। (India Vs Australia T20)




