राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, 18 श्रद्धालुओं की मौत, मां की जिद पर गई गर्भवती बेटी भी नहीं बची

Road Accident in Rajasthan: राजस्थान के जोधपुर जिले के फलोदी क्षेत्र में रविवार शाम को भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब एक टेम्पो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार से जा टकराया। मरने वालों में एक ही परिवार के सात लोग शामिल हैं, जिनमें चार बच्चे और एक गर्भवती महिला भी थी। जानकारी के मुताबिक जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के सभी श्रद्धालु देवउठनी एकादशी पर बीकानेर के कोलायत स्थित कपिल मुनि आश्रम दर्शन करने गए थे।
यह भी पढ़ें:- तेलंगाना में गिट्टी से लदे डंपर ने बस को मारी जोरदार टक्कर, 20 की मौत, कई घायल
वापसी के दौरान फलोदी के मतोड़ा थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा शाम करीब 6.30 बजे हुआ। ट्रैवलर के ओवरटेक करने के दौरान अंधेरे में खड़े ट्रेलर से टक्कर हो गई। तेज रफ्तार और दृश्यता की कमी के कारण ड्राइवर वाहन नियंत्रित नहीं कर सका। इस हादसे से जुड़ी एक मार्मिक कहानी भी सामने आई है। छंवरलाल सांखला की पत्नी लता ने इस यात्रा के लिए ट्रैवलर बुक कराया था। उन्होंने अपनी बहू को चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद लता ने अपनी गर्भवती बेटी दिव्या से साथ चलने को कहा।
दिव्या की शादी को आठ महीने हुए थे और वह गर्भवती थी। मां की बात मानकर वह यात्रा पर गई, लेकिन हादसे में उसकी भी जान चली गई। सोमवार सुबह हादसे में मारे गए लोगों के परिजन जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर इकट्ठा हुए और शव सौंपे जाने से पहले सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे की जांच की मांग की। माली समाज के लोग भी धरने पर बैठ गए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैवलर की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और अंधेरे में ट्रेलर दिख नहीं पाया। (Road Accident in Rajasthan)

ड्राइवर ओवरटेक करने की कोशिश में स्पीड बढ़ा रहा था, जिससे सामने खड़े ट्रेलर से टक्कर हो गई। हाईवे किनारे कई अवैध ढाबे हैं, जहां ट्रक और ट्रेलर सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। ऐसे ही एक ट्रेलर से यह टेम्पो ट्रैवलर जा टकराया। इस हादसे में जान गंवाने वालों में ज्यादातर जोधपुर के सूरसागर इलाके के रहने वाले थे और सभी एक-दूसरे को जानते थे। मरने वालों में लता (50), सज्जन कंवर (60), टीना (40), दिशू (6), उर्मिला (55), पुंज (10), दिव्या (23), मीना (53), फतेह पुरी (32), मधु (45), रुद्राक्ष, सानिया (32), गीता (50), कुश और रामेश्वरी शामिल हैं। इनमें से सज्जन कंवर, गीता, उर्मिला, टीना, सानिया, दिशू और पुंज एक ही परिवार से थे। कई मृतकों के शव MGH और AIIMS जोधपुर की मॉर्च्यूरी में रखे गए हैं।

हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताते हुए जिला प्रशासन को राहत और इलाज के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी घायलों की सहायता सुनिश्चित करने की बात कही। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत ने भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और दिवंगतों के परिवारों को शक्ति देने की प्रार्थना की। पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन ने कहा कि हाईवे पर अवैध पार्किंग और ढाबों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। यह हादसा एक दर्दनाक सबक है कि हाईवे की रफ्तार पर नियंत्रण और नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा की गारंटी है। (Road Accident in Rajasthan)



