Google Analytics —— Meta Pixel

राहुल गांधी के वोट चोरी के दावों पर भाजपा का पलटवार, कहा- हार सामने देख बहाने बना रहे राहुल

BJP on Rahul Gandhi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के वोट चोरी के ताजा आरोपों पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को घबराया हुआ, भ्रम फैलाने वाला और देश को गुमराह करने वाला बताया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को पहले से ही बिहार चुनाव में हार का अंदेशा है, इसलिए वे झूठे दावे और नए बहाने बना रहे हैं। नड्डा ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने अभी से मान लिया है कि बिहार चुनाव में कांग्रेस की लुटिया डूबने वाली है। बिहार में चुनाव हो रहे हैं और राहुल गांधी दिल्ली में फर्जी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। चुनाव बिहार में हो रहे हैं और राहुल गांधी हरियाणा की बातें कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि बिहार में महागठबंधन हार रहा है और इसलिए उन्होंने बहाने ढूंढने शुरू कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें:- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने छत्तीसगढ़ के 34 अलंकरण से 37 विभूतियों और 4 संस्थाओं को किया सम्मानित

नड्डा ने कहा कि पहले उन्होंने हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया था, लेकिन जब वे अपने झूठे दावों को साबित नहीं कर पाए और ईवीएम को सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट मिल गई तो अब उन्होंने SIR का मुद्दा उठाना शुरू कर दिया है। राहुल गांधी घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। इसीलिए चुनाव से ठीक पहले वे ऐसे फर्जी दावे करते रहते हैं। अगर उन्हें लगता है कि उनके आरोप सच हैं तो वे शपथ पत्र क्यों नहीं देते? वे अदालत क्यों नहीं जाते ? इनका एकमात्र मकसद देश को बदनाम करना, युवाओं को भड़काना और देश में अराजकता का वातावरण पैदा करना है, लेकिन देश के युवा सच्चाई को जानते हैं और वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ हैं, वो देश के विकास के साथ हैं। (BJP on Rahul Gandhi)

विफलता छिपाने के लिए प्रेस वार्ता की: रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फिर से अपनी विफलता छिपाने के लिए प्रेस वार्ता की है। पिछली बार एक महिला की तस्वीर टी-शर्ट पर छपवा कर उन्होंने इतना बोला था। उस महिला ने इसका विरोध किया। ऐसा नकली मुद्दा लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी समय-समय पर बोलते रहते हैं। अब उन्होंने बिहार से हटकर हरियाणा की कहानी सुनाई है। इससे साफ मालूम हो गया कि बिहार में कुछ बचा नहीं है। इसलिए ध्यान को भटकाने के लिए हरियाणा का मुद्दा लेकर आ रहे हैं। फिजूल की बातों पर प्रस्तुतीकरण किया है। मैं उस पर नहीं जाना चाहता, क्योंकि वो सब फर्जी था। वे कुछ विदेशी महिला के नाम का जिक्र कर रहे थे। वे चुनाव के समय विदेश जाते हैं, सदन के समय विदेश जाते हैं, बिहार चुनाव के दौरान वे विदेश चले जाते हैं। इन सब से जो उनको प्रेरणा मिलती है उसे लेकर उनकी टीम उन्हें दे देती। नेता प्रतिपक्ष को गंभीर मुद्दों पर बात करनी चाहिए फिजूल की बातों पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।

कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई: CM सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राहुल गांधी देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, जिस तरह से कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है, वे झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे हैं। हरियाणा के मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि यह सरेआम राहुल गांधी की बौखलाहट है। 2014 के बाद हरियाणा में जो भाजपा की सरकार आई, उन 10 सालों में किस तरह से काम हुए, उन कामों की जीत 2024 की है, वो पारदर्शिता की जीत है। हरियाणा में विकास हुआ, भ्रष्टाचार खत्म हुआ। यह सभी चीजें ही हमारी जीत का कारण है। यह बिल्कुल निराधार बाते हैं। कल बिहार में मतदान है और उसको देखते हुए ये चाहते हैं कि हम ऐसा शगूफा छोड़ दें, लेकिन बिहार की जनता गुमराह नहीं होने वाली। वहां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA की सरकार बनेगी। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश को तोड़ने वाली बाते करते हैं, बांटने वाली बाते करते हैं। हम सब एक हैं, हम सब भारतीय हैं, सब हिंदुस्तानी हैं। ये अलग-अलग तब्कों में बांटकर लोगों को आपस में लड़ाना चाहते हैं।

राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम टाय टाय फिश: चुघ

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि एक झूठ को फैलाने का प्रयास किया गया है। इस प्रकार से चुनाव आयोग पर आरोप लगाना, यह बहुत बड़ी गलती है और बिहार की जनता इसका जवाब इस चुनाव में देगी। बिहार की जनता NDA की सरकार बनाते हुए इसका जवाब देगी। देश की जनता सब समझती है। छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है, वे जहां जीतते हैं वहां आरोप नहीं लगाते, वे जहां हारते हैं वहां आरोप लगाते हैं। कहीं न कहीं चुनाव में हार दिख गई, इसलिए राहुल बाबा ने अपना पैतरा बदल दिया। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम टाय टाय फिश हुआ है। राहुल गांधी बिहार में होने वाली ऐतिहासिक हार के प्रेस वार्ता की तैयारी कर रहे हैं। झूठ बोलना भ्रम पैदा करना संस्थाओं को बदनाम करना कांग्रेस पार्टी की आदत बन चुकी है। कुल 30 हजार वोट से हिमाचल में भाजपा हार गई और कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनाई। कभी भाजपा ने नहीं कहा कि 30 हजार वोट के कारण हम हार गए। (BJP on Rahul Gandhi)

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी घेरा

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि ये हाइड्रोजन बम है क्योंकि जैसे बिहार चुनाव से पहले राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने वोट चोरी का आरोप लगाकर SIR के खिलाफ आंदोलन चलाया था, तब चुनाव आयोग ने पब्लिक डोमेन में कहा था कि अगर किसी को एक भी आपत्ति है कि किसी का वोट काटा गया है तो वो चुनाव आयोग में आपत्ति दर्ज करा सकता है। आज SIR के बाद जब बिहार चुनाव हो रहा है तो अब वे हरियाणा और महाराष्ट्र का मुद्दा उठाकर देश से झूठ बोल रहे हैं। बिहार में उनकी हार निश्चित है। भाजपा नेता योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि राहुल गांधी सच्चाई को स्वीकार नहीं करते। SIR के विरोध में पूरा सदन नहीं चलने दिया। चुनाव आयोग 18 लाख उन मतदाताओं के नाम निकाल रहा है जिनकी मृत्यु हो गई है। जिनके डबल वोट हैं उन्हें निकाल रहा है। हमारे पर पहले आरोप लगा रहे थे कि हम वोट काट रहे हैं अब कह रहे हैं कि हम वोट डलवाना चाह रहे हैं। उनको अपना मानसिक संतुलन को ठीक रखना चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!