राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर मचा सियासी घमासान, सत्ता पक्ष ने बताया झूठ का नया अध्याय

NDA on Rahul Gandhi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के वोट चोरी से जुड़े बयान पर देशभर में सियासत गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राहुल गांधी से कहा कि अगर ये जानकारियां आपके सामने आई हैं तो आप कोर्ट का रास्ता क्यों नहीं अपनाते। SIR की प्रक्रिया से भी आपको समस्या है। LJP (रामविलास) नेता अरुण भारती ने कहा कि बिहार की जनता और देश के युवा सतर्क हैं और राहुल गांधी की महत्वाकांक्षाओं को पूरा नहीं होने देंगे। राहुल गांधी को अपनी बातों के पक्ष में तथ्य देने होंगे। अगर उनकी बातों में इतनी सच्चाई है, तो वे अदालत क्यों नहीं जाते। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव आयोग है ? भगवान है ? कौन सा प्रमाण पत्र देने की संस्था है ? उसकी बात कौन माने ? जनता क्यों माने ? एक नंबर के झूठे और मक्कार लोग जिन्होंने सालों तक भारत को लूटा। जब तक आधार कार्ड से वोट नहीं डलता था वोटर कार्ड से वोट नहीं डलता था तब तक कांग्रेस जीत रही थी।
यह भी पढ़ें:- राहुल गांधी के वोट चोरी के दावों पर भाजपा का पलटवार, कहा- हार सामने देख बहाने बना रहे राहुल
CM रेखा ने कहा कि जबसे चुनाव आयोग द्वारा वोटर कार्ड के द्वारा वोट डालना जरूरी हो गया कांग्रेस की जीत बंद हो गई ये उनकी सच्चाई है। जब तक वे सत्ता में रहे उन्होंने बूथ कैप्चरिंग से लेकर हर चीज की, आपातकाल भी लगाया। वो लोग क्या बोलेंगे जो संविधान को कुछ मानते ही नहीं हैं। बिहार सरकार में मंत्री और दरभंगा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संजय सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी हारने के बाद की अपनी योजनाएं बना रहे हैं। उन्हें पता है कि महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ेगा, इसलिए वे पहले से ही योजना बना रहे हैं कि उसके बाद क्या बोलना है, जहां उनकी सरकार बनती है, वहां सब ठीक है, लेकिन जहां NDA जीतता है, वहां वे वोट चोरी वगैरह की झूठी कहानियां फैलाना शुरू कर देते हैं। NDA की लहर है और NDA की सरकार बनेगी। (NDA on Rahul Gandhi)
पता नहीं राहुल गांधी को क्या हो गया: रूडी
भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि पता नहीं राहुल गांधी को क्या हो गया है। चुनाव बिहार में हो रहा है और बयान हरियाणा को लेकर दे रहे हैं…जिस प्रकार का बयान वो दे रहे हैं, मुझे लगता है कि लोकतंत्र और संविधान के प्रति उनकी आस्था समाप्त हो रही है। उन्हें आने वाले दिनों में बिहार में हार के संकेत पूरे तौर से मिल रहे हैं। मुझे लगता है कि यह तमाम बयान हार के संकेत को प्रमाणित करते हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ये झूठ के अलावा कुछ नहीं बोलते हैं। अगर हिम्मत है तो कोर्ट में क्यों नहीं गए। SIR पर 2 महीने हल्ला मचा। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सबसे बड़ा प्रजातंत्र का सरकारी दुरुपयोग कांग्रेस ने शुरू किया। कांग्रेस को अपने कुकर्मों के लिए माफी मांगनी चाहिए। ये कांग्रेस की पुरानी आदत है। अब अपनी कमजोरी को छुपाने के लिए किस तरह की प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, किस तरह के आरोप लगाते हैं, उनसे पूछना चाहिए। (NDA on Rahul Gandhi)
हरियाणा में 100% वोट चोरी हुई: दिग्विजय
बिहार के डिप्टी CM और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने कहा कि चार महीने हो गए हैं और राहुल गांधी एक भी सबूत नहीं दे पाए हैं। हमने ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं देखा। उन्हें कम से कम कुछ तैयारी तो करनी चाहिए। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि SIR पूरी तरह से असफल रही है और उसमें चुनाव आयोग पूरी तरह से दोषी है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। हरियाणा में 100% वोट चोरी हुई थी और उन्होंने उसके प्रमाण दिए हैं। RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि इस तरह के आरोप लोकतंत्र के लिए एक गंभीर संकट का विषय है। एक तरफ वोट चोरी का आरोप दूसरी तरफ एक भूतपूर्व मंत्री ने कल 62,000 करोड़ के घोटाले का खुलासा किया है। एक तरफ भ्रष्टाचार का आलम और दूसरी तरफ लोकतंत्र को भ्रष्टाचार के माध्यम से नील लेने की कोशिश। इसके लिए हर व्यक्ति को सचेत, सजग रहकर अपने मताधिकार को बचाने की जरूरत है।



