दिल्ली से दुर्ग आया फेसबुक फ्रेंड, युवती से किया दुष्कर्म, फिर वीडियो वायरल करने की दी धमकी

Rape in Durg: छत्तीसगढ़ में लड़कियों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवती ने दिल्ली में रहने वाले युवक पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक युवक की पीड़िता से मुलाकात फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर लगातार बातचीत होती रही और धीरे-धीरे यह संबंध गहराता गया। आरोपी युवक कई बार दुर्ग आया और युवती से मिला। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, लेकिन युवक ने युवती की जानकारी के बिना उसका निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। जब पीड़िता ने शादी की बात रखी तो आरोपी ने वीडियो दिखाकर धमकी दी कि अगर उसने किसी से कुछ कहा या शादी का दबाव बनाया तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
यह भी पढ़ें:- 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक संसद का शीतकालीन सत्र, इस बार होंगी 15 बैठकें
धमकी से परेशान होकर युवती ने हिम्मत दिखाई और मोहन नगर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल FIR दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम दिल्ली रवाना हो गई है। मामले की जांच साइबर टीम के सहयोग से की जा रही है। यह घटना न सिर्फ सोशल मीडिया के दुरुपयोग को उजागर करती है, बल्कि इस बात की भी चेतावनी है कि वर्चुअल दोस्ती कई बार गंभीर अपराधों की जमीन बन जाती है।
राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी के साथ सड़क पर छेड़छाड़
दुर्ग के ही सुराना कॉलेज में बीपीएड की छात्रा और राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी नंदनी निर्मलकर के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यह घटना 3 नवंबर 2025 की सुबह की है। नंदनी अभ्यास के लिए रविशंकर स्टेडियम जा रही थी, तभी आरोपी युवक कुनाल परिहार ने वैभवी टाइपिंग सेंटर के सामने रास्ता रोक लिया। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता से जबरदस्ती बात करने की कोशिश की और विरोध करने पर उसका हाथ पकड़ लिया। नंदनी ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और पास की दुकान में जाकर शरण ली। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन किया और पूरी घटना बताई।
पिता के साथ दर्ज कराई शिकायत
दो दिन बाद 5 नवंबर को नंदनी अपने पिता गोपाल निर्मलकर के साथ पद्मनाभपुर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुनाल परिहार के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और बल प्रयोग की धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी फरार हो गया था, लेकिन दुर्ग पुलिस की टीम ने उसे मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी तिवारी ने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाएं बेखौफ होकर पुलिस से संपर्क करें। उन्हें पूरा संरक्षण दिया जाएगा। इस मामले ने एक बार फिर महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
बलरामपुर में शौच के लिए गई महिला से दुष्कर्म
इधर, बलरामपुर जिले के कुशमी थाना क्षेत्र में एक 35 साल की विवाहित महिला से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक महिला शौच के लिए घर से बाहर गई थी, तभी रास्ते में आरोपी युवक ने उसे जबरदस्ती अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इसके बाद कई दिनों तक पीड़िता से जबरदस्ती संबंध बनाए। पीड़िता का पति बाहर काम करता है, जिससे आरोपी को मौका मिला। आखिरकार महिला ने हिम्मत जुटाई और थाने में शिकायत दर्ज कराई। कुशमी थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और न्यायालय में बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे महिलाओं के खिलाफ अपराध
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ में महिलाओं से जुड़े अपराधों के 10,300 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। इनमें से दुष्कर्म के 2,400 से ज्यादा मामले, छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के लगभग 3,000 मामले और घरेलू हिंसा के 4,000 से ज्यादा मामले शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव जिले राज्य में अपराध दर के मामले में शीर्ष पर हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में सोशल मीडिया, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, प्रेम प्रसंगों में धोखाधड़ी और साइबर उत्पीड़न जैसी घटनाओं में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
महिला सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार होती इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं। चाहे सड़क पर हों, कॉलेज में या सोशल मीडिया पर।हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त, महिला हेल्पलाइन 1091, और सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी सुविधाएं सक्रिय हैं। समाजशास्त्रियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर रिश्तों की सहजता ने अपराधियों को नया प्लेटफॉर्म दे दिया है। युवाओं में भावनात्मक असुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर झूठी पहचान के कारण इस तरह की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। स्कूल-कॉलेज स्तर पर साइबर सेफ्टी की जागरूकता जरूरी है।



