Google Analytics —— Meta Pixel

फर्जी अमेरिकी कंपनी के चक्कर में फंसा नगरनार एनएमडीसी स्टील प्लांट, 120 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर, बैंक ने रोका ट्रांजेक्शन

NMDC Steel Plant: बस्तर के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट के साथ 120 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक अमेरिकी कंपनी का नाम लेकर फर्जी कंपनी ने एनएमडीसी स्टील प्लांट को कोयला बेचने का प्रस्ताव ईमेल के माध्यम से भेजा। बातचीत पूरी होने के बाद फर्जी कंपनी ने भुगतान के लिए लिंक ईमेल में भेजा। एनएमडीसी स्टील प्लांट ने कंपनी के सत्यापन के लिए भौतिक रूप से कोई जांच नहीं की और सीधे 120 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया। बड़ी रकम के इस ट्रांसफर को बैंक ऑफ न्यूयॉर्क ने संदिग्ध मानते हुए रोक दिया और इसकी जानकारी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एनएमडीसी प्रबंधन को दी।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली ब्लास्ट को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी संग्राम, कांग्रेस-बीजेपी में आरोप-प्रत्यारोप

इस घटना के बाद एनएमडीसी प्रबंधन में हड़कंप मच गया। एनएमडीसी ने नगरनार थाना में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच साइबर रेंज थाना बस्तर द्वारा की जा रही है। जानकारी के मुताबिक ट्रांजेक्शन में शामिल अधिकारियों को एनएमडीसी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने शो कॉज नोटिस भी जारी किया है। मामले को लेकर बस्तर के एसपी शलभ सिंहा ने कहा कि हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं रायपुर में झाड़ फूंक के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है।

झाड़ फूंक के नाम पर ठगी की वारदात

बेंद्री गांव में एक महिला की बहू की बीमारी दूर करने के लिए झाड़ फूंक का झांसा देकर अज्ञात ठग ने पीड़ित परिवार से नकद 12 हजार रुपए के साथ लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण ले लिए। ठग अज्ञात है और बाइक से फरार हो गया। पुलिस शातिर ठग की तलाश में जुटी है। इस संबंध में राखी थाना में ठगी की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी झाड़फुंक या नुस्खे के बहाने किसी को बड़े पैमाने पर पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या साइबर पुलिस को दें। (NMDC Steel Plant)

Back to top button
error: Content is protected !!