Google Analytics —— Meta Pixel

बिहार की सत्ता का फाइनल फैसला कल : NDA या महागठबंधन, किसके सिर सजेगा ताज?

नीतीश का रिकॉर्ड पांचवां कार्यकाल या तेजस्वी की पहली बड़ी जीत - नतीजों पर टिकी सबकी निगाहें

Bihar Election Result : बिहार की सत्ता का फैसला कल हो जाएगा। राज्य में दो दशक से शासन कर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्या एक बार फिर सत्ता में लौटेंगे, या तेजस्वी यादव अपनी पहली बड़ी चुनावी जीत दर्ज करेंगे – इसका जवाब कल शुक्रवार को मतगणना के साथ ही सामने आ जाएगा।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Liquor Scam : पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल की 61.20 करोड़ की संपत्ति कुर्क

एनडीए (भाजपा-जदयू-लोजपा रामविलास) जहां एक और कार्यकाल की उम्मीद कर रहा है, वहीं महागठबंधन (राजद, कांग्रेस और वाम दलों) को विश्वास है कि इस बार जनता बदलाव का जनादेश देगी। 2020 के चुनाव में महागठबंधन को सत्ता से मात्र 12,000 वोटों की कमी रह गई थी। इस बार प्रशांत किशोर का जनसुराज अभियान भी नया राजनीतिक फैक्टर माना जा रहा है।

रिकॉर्ड तोड़ मतदान, महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक

राज्य में 38 जिलों के 7.45 करोड़ मतदाताओं ने 2,616 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया है। इस बार 67.13% मतदान हुआ — जो 1951 के बाद से सबसे अधिक है। खास बात यह रही कि महिलाओं ने मतदान में पुरुषों से बाजी मारी — 71.78% महिला वोटर और 62.98% पुरुष वोटर मतदान केंद्रों तक पहुंचे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 46 काउंटिंग सेंटरों पर नजर

निर्वाचन आयोग ने राज्यभर में बनाए गए 46 मतगणना केंद्रों पर दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। भीतरी घेरे में केंद्रीय अर्धसैनिक बल, जबकि बाहरी घेरे में राज्य पुलिस की तैनाती की गई है।

सभी EVM और VVPAT मशीनें मजबूत कमरों में दोहरे ताले के सिस्टम के तहत सुरक्षित रखी गई हैं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है। वरिष्ठ जिला अधिकारी और चुनाव पदाधिकारी मतगणना के दौरान लगातार निगरानी करेंगे।

एग्जिट पोल में NDA को बढ़त, तेजस्वी बोले- “जनता ने बदलाव चुना”

लगभग सभी एग्जिट पोल ने एनडीए को स्पष्ट बहुमत के साथ बढ़त दी है। हालांकि, राजद नेता तेजस्वी यादव ने इन अनुमानों को खारिज करते हुए दावा किया कि “महागठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता मतगणना के दौरान किसी भी असंवैधानिक गतिविधि से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

राजद के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि “अगर 2020 जैसी गड़बड़ी दोहराई गई, तो जनता सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।”

भाजपा का पलटवार- “जनता का फैसला हमारे पक्ष में”

भाजपा ने राजद नेताओं के बयानों को “हताशा की प्रतिक्रिया” बताया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “जनता ने ईवीएम में अपना फैसला दर्ज कर दिया है। मतगणना भी शांतिपूर्ण होगी और एनडीए फिर से सत्ता में लौटेगा।” (Bihar Election Result)

निर्णायक दिन

बिहार के राजनीतिक इतिहास में आज का दिन निर्णायक साबित होगा। क्या नीतीश कुमार रिकॉर्ड पांचवां कार्यकाल हासिल करेंगे या तेजस्वी यादव नए युग की शुरुआत करेंगे — इसका जवाब कुछ घंटों में मिल जाएगा। (Bihar Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!