महिला ने अस्पताल के टॉयलेट में दिया बच्चे को जन्म, कमोड तोड़कर 20 मिनट बाद निकाला गया नवजात

Delivery in Toilet: अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमसीएच वार्ड में बहुत चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां 7 महीने की गर्भवती महिला ने टॉयलेट के अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया, लेकिन प्रसव का उसे तुरंत पता ही नहीं चला। करीब आधे घंटे बाद जब महिला को पेट खाली महसूस हुआ, तब उसने शोर मचाना शुरू किया और हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सफाई सुपरवाइजर और उनकी टीम मौके पर पहुंची। टॉयलेट सीट को तोड़कर करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद नवजात को बाहर निकाला गया। कमोड में गिरने के कारण बच्चे का शरीर नीला पड़ गया था। बच्चा करीब एक घंटे तक सेप्टिक सीट में फंसा रहा, लेकिन उसकी सांसें चल रही थी। फिलहाल नवजात को स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में वेंटिलेटर पर रखा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- इंटरकास्ट मैरिज पर रिटायर्ड अफसर का परिवार समाज से बहिष्कृत, बकरा भात खिलाने के बाद भी सजा !
सूरजपुर के प्रतापपुर में रहने वाली रामपति बाई 7 महीने की गर्भवती थी। 13 नवंबर को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर उसे प्रतापपुर सीएचसी लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसे एमसीएच अस्पताल के एएमसी-2 वार्ड में भर्ती किया गया था। शनिवार सुबह 10:30 बजे वे टॉयलेट गई और वापस आकर खुद ही बेड पर लेट गई। आधे घंटे बाद उन्हें महसूस हुआ कि कुछ गड़बड़ है और पेट खाली है। जब स्टाफ ने जांच की तो पता चला कि प्रसव टॉयलेट में हो चुका है। महिला के बयान के बाद तुरंत सफाईकर्मियों को बुलाया गया। टॉयलेट सीट तोड़कर नवजात को निकालकर तुरंत एसएनसीयू भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चा प्री-मेच्योर है और ऐसी स्थिति में बैठने या दबाव पड़ने से अचानक प्रसव हो सकता है। (Delivery in Toilet)
रायपुर में भ्रूण मिलने के मामले में FIR दर्ज
अस्पताल सुप्रीटेंडेंट और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.के. रेलवानी ने बताया कि बच्चा प्रीमेच्योर है। प्रसूता पूरी तरह खतरे से बाहर है। नवजात की स्थिति गंभीर है। वेंटिलेटर पर निगरानी जारी है। सरगुजा में इस तरह बाथरूम में प्रसव का यह पहला मामला बताया जा रहा है। इसी हफ्ते रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में 5-6 महीने का एक भ्रूण कचरे के डिब्बे के पास मिला था। सफाई कर्मचारियों ने प्लास्टिक में लिपटा यह भ्रूण देखा और तुरंत प्रशासन को जानकारी दी। हॉस्पिटल प्रबंधन के मुताबिक दो बाहरी लोग भ्रूण को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए थे। मामले में मौदहापारा पुलिस ने FIR दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को CCTV फुटेज में तीन लोग स्कूटी से भ्रूण लाते दिखाई दिए। इनमें से एक बुर्का पहने महिला भ्रूण को डस्टबिन के पास छोड़कर जाती दिखी। पुलिस पिछले सात दिनों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। (Delivery in Toilet)




