इंटरकास्ट मैरिज पर रिटायर्ड अफसर का परिवार समाज से बहिष्कृत, बकरा भात खिलाने के बाद भी सजा !
Bilaspur Intercaste Marriage Case: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक रिटायर्ड अधिकारी और उनके परिवार को बेटे की इंटरकास्ट मैरिज के बाद समाज से बाहर करने का मामला सामने आया है। इससे परेशान होकर अधिकारी ने पनिका समाज के प्रांतीय पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने चार पदाधिकारियों पर मामला दर्ज किया है। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। तारबाहर के डीपूपारा के रहने वाले 62 साल के कमल किशोर परवार कलेक्टर ऑफिस में अधीक्षक रह चुके हैं, जिन्होंने बताया कि उनके 35 साल के बेटे हितेश परवार ने 4 नवंबर 2024 को साहू समाज की ऋचा साहू से शादी की थी।
यह भी पढ़ें:- दुर्ग के जामुल में फायरिंग से हड़कंप, इवेंट मैनेजर पर जानलेवा हमला
परिवार का आरोप है कि इसी इंटरकास्ट मैरिज के कारण पनिका समाज के प्रांतीय पदाधिकारियों ने उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। शादी के बाद परिवार ने बहू को समाज में शामिल करने के लिए जिला पनिका समाज के अध्यक्ष को आवेदन दिया। 1 दिसंबर 2024 को व्यापार विहार के दीनदयाल गार्डन में जिला और प्रांतीय पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में ऋचा साहू को समाज में शामिल करने पर सहमति बनी। बैठक में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष जे.आर. साकत, प्रांतीय उपाध्यक्ष दशरथ साकत, जिला अध्यक्ष शिव मोंगरे और शहर अध्यक्ष दीपचंद सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। (Bilaspur Intercaste Marriage Case)
मिलान कार्यक्रम के बाद भी सामाजिक बहिष्कार
शादी मिलान कार्यक्रम के लिए दो तारीख तय हुई, लेकिन प्रांतीय पदाधिकारी शामिल नहीं हुए। इसके बाद 1 फरवरी को जिला अध्यक्ष और 70-80 समाज सदस्यों की उपस्थिति में मिलान कार्यक्रम पूरा किया गया। 2 मार्च को शादी का रिसेप्शन भी रखा गया। परिवार का आरोप है कि जब प्रांतीय पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम की जानकारी मिली तो पूर्व अध्यक्ष जे.आर. साकत, वर्तमान अध्यक्ष वंशधारी सांवरा, उपाध्यक्ष दशरथ साकत और सचिव थानूराम बघेल ने पूरे परिवार को समाज से बाहर कर दिया। (Bilaspur Intercaste Marriage Case)
सहयोगियों को भी किया निष्कासित
परिवार का आरोप है कि 1 मार्च 2025 को मुंगेली रोड पर हुई बैठक में प्रांतीय नेताओं ने न सिर्फ परवार परिवार को बल्कि मिलान कार्यक्रम में सहयोग करने वाले कई समाज सदस्यों को भी निष्कासित कर दिया। इससे उनके परिवार और सहयोगियों को बदनामी का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के मुताबिक समाज में इंटरकास्ट मैरिज पर 50 हजार रुपए जुर्माना और बकरा भात कराने का नियम है। आरोप है कि इसी आधार पर उन्हें सामाजिक कार्यक्रमों, रिश्तेदारी के समारोह और आवाजाही से भी रोक दिया गया। परिवार का कहना है कि वे अब किसी खुशी या शोक के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहे हैं और रिश्तेदार भी उन्हें बुलाने में संकोच कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पनिका समाज के चार प्रांतीय पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




