Google Analytics —— Meta Pixel

व्हाट्सएप कॉल पर 70 साल की सेवानिवृत्त नर्स से 80 लाख की ठगी, फर्जी डिजिटल कोर्ट और CBI अधिकारी बनकर की बड़ी वारदात

Digital Arrest in Rajnandgaon: राजनांदगांव की पॉश कॉलोनी में रहने वाली 70 साल की सेवानिवृत्त नर्स एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो गई। अमेरिका में जीवन का बड़ा हिस्सा बिताने के बाद वह शांतिपूर्ण जीवन के लिए अपने शहर लौटी थी, लेकिन इंटरनेट की दुनिया में सक्रिय साइबर ठगों ने उनकी जमा-पूंजी ही साफ कर दी। एक दिन अचानक उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार कार्ड का उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ है और उन पर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है। उम्र, अकेलापन और सरकारी कार्रवाई के डर ने उन्हें परेशानी में डाल दिया और यहीं से ठगों की साजिश काम कर गई।

यह भी पढ़ें:- लालू परिवार की कलह पर सियासी तूफान, रोहिणी आचार्य के बयान से गरमाई बिहार की राजनीति

ठगों ने उन्हें वीडियो कॉल पर एक फर्जी डिजिटल कोर्ट दिखाया। नकली जज, न्यायालय जैसे प्रतीक और सफेद पृष्ठभूमि में नकली कोर्टरूम दिखाया। फर्जी जज ने भरोसा दिलाया कि अगर वह निर्दोष हैं तो जांच पूरी होने पर उनकी राशि के साथ 30% अतिरिक्त पैसा भी वापस कर दिया जाएगा। इस आश्वासन ने बुजुर्ग महिला के मन में विश्वास जगा दिया। डरी-सहमी महिला ने अपने बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट माध्यमों से करीब 80 लाख रुपए उन खातों में जमा कर दिए, जिनके लिए ठग निर्देश दे रहे थे। महिला को लगा कि वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी की मदद कर रही हैं। (Digital Arrest in Rajnandgaon)

ASP ने दिया सतर्क रहने की सलाह

कुछ दिनों बाद न किसी कॉल का जवाब मिला और न पैसा वापस आया, तब ठगे जाने का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। ASP राहुल देव शर्मा ने बताया कि पीड़िता लंबे समय तक अमेरिका में नर्स रही और वहीं से सेवानिवृत्ति के बाद राजनांदगांव आई थी। उन्होंने कहा कि साइबर ठग अब डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन कोर्ट, CBI-NIA अधिकारी बनकर बेहद संगठित तरीके से लोगों को डराकर ठगी कर रहे हैं। यह एक नया ट्रेंड है, जिससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। (Digital Arrest in Rajnandgaon)

ऐसे कॉल आएं तो सावधान रहें: ASP 

ASP राहुल देव शर्मा ने कहा कि ऐसे कॉल आएं तो तुरंत सावधान रहें। कोई भी सरकारी एजेंसी व्हाट्सएप, वीडियो कॉल या चैट पर जांच नहीं करती। न कोई डिजिटल कोर्ट होता है और न ऑनलाइन जज। ऐसे कॉल आते ही तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें। (Digital Arrest in Rajnandgaon)

Back to top button
error: Content is protected !!