Google Analytics —— Meta Pixel

लालू परिवार की कलह पर सियासी तूफान, रोहिणी आचार्य के बयान से गरमाई बिहार की राजनीति

Politics on Rohini Acharya: RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के हालिया बयान और राजनीति छोड़ने की घोषणा ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक सभी दलों के नेताओं ने इस पारिवारिक विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। JDU, BJP, LJP समेत कई नेताओं ने इसे परिवारवाद, राजनीतिक अहंकार और पार्टी के अंदरूनी तनाव से जोड़ा है। JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों में ऐसे कुरुक्षेत्र का दृश्य आपको मिलेंगे, जहां सियासत की बुनियाद और उसमें एक बड़ी हिस्सेदारी सिर्फ एक परिवार विशेष में जन्म लेने के बाद लोगों को मिलने लगती है तो अपेक्षाएं आपस में टकराती हैं। तेजस्वी यादव का अहंकार परिवार को बांध नहीं पाया।

यह भी पढ़ें:- महबूबा मुफ्ती के बयान पर गरमाई सियासत, BJP बोली- आतंकी बचाओ गैंग फिर सक्रिय

बिहार JDU अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कहा कि हम चाहेंगे कि उनका परिवार एकजुट रहे, जो राज्य की सेवा करना चाहता है, वह अपने ही परिवार की बहू-बेटियों की सेवा नहीं कर पा रहा। JDU नेता अशोक चौधरी ने कहा कि यह दुखद है, यह दर्दनाक है, जब किसी का परिवार टूटता है। छत्तीसगढ़ के बीजेपी प्रदेश प्रभारी और बांकीपुर विधायक नितिन नबीन ने कहा कि साफ है कि लालू यादव ने अपने परिवार में इतनी राजनीति को जगह दी और यह उसी का नकारात्मक परिणाम है। आज न तो परिवार और न ही पार्टी लालू यादव के नियंत्रण में है। तेजस्वी यादव परिवार और पार्टी की आवाज़ दबा रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि चुनावी हार के लिए कौन ज़िम्मेदार है? लेकिन तेजस्वी यादव अपने अहंकार के चलते इसे दबाना चाहते हैं।

बिहार की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी: मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि राजनीति अलग होती है, लेकिन मानवीय दृष्टिकोण से मुझे यह दुखद लगता है। बहनों को विशेष तरजीह दी जाती है, लेकिन तेजस्वी यादव ने किस अभिमान में ऐसा किया, यह जांच का विषय है। बिहार की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। व्यक्तिगत रूप से हम इस घटना से बहुत दुखी हैं। केसरिया से JDU विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी परिवार में ऐसा नहीं होना चाहिए। यह कहना कि तेजस्वी यादव अकेले राजनीति कर रहे हैं, सच नहीं है। वे लालू यादव के बेटे हैं और इसीलिए अपनी राजनीति चला रहे हैं। उन्हें पहले अपने परिवार का ध्यान रखना चाहिए और फिर बिहार की बात करनी चाहिए। मैं कामना करती हूं कि उनका परिवार एकजुट रहे।

परिवारवाद की राजनीति का विभत्स रूप रहा है: नीरज

JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि ये लालू यादव के परिवार का आंतरिक मामला है, लेकिन ये परिवारवाद की राजनीति का विभत्स रूप रहा है। रोहिणी सिर्फ लालू यादव की बेटी नहीं, बल्कि RJD परिवार और बिहार की बेटी है। अगर उस कन्या की आंखों में दर्द दिख रहा है, लालू यादव और राबड़ी देवी बेबस हो गए हैं। सवाल ये है कि ये रमीज कौन है? वो हिस्ट्रीशीटर है, लालू यादव के घर में कैसे रह रहा है ? 10-11 आपराधिक मामलों वाला व्यक्ति RJD का चुनावी प्रबंधक है ? बिहार भाजपा प्रमुख दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह लालू यादव के परिवार का मामला है। रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी देकर लालू यादव की जान बचाई है। अगर उस परिवार में रोहिणी आचार्य का सम्मान नहीं किया जाता है तो लालू यादव और राबड़ी देवी निश्चित रूप से इसका संज्ञान लेंगे और हमें नहीं लगता कि वे इसे बर्दाश्त करेंगे।

यह देश और बिहार की परंपरा नहीं: जायसवाल

दिलीप जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव की पहचान ही लालू यादव के बेटे के रूप में है। अगर लालू यादव असहाय हो गए, तो इस परिवार के लिए इससे बुरा दिन कोई नहीं होगा। भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है, हालांकि यह उनके परिवार का आंतरिक मामला है। राहुल गांधी ने यहां आकर लोक आस्था के महापर्व को नौटंकी बताया। बिहार मां जानकी की धरती है, लेकिन जिस तरह से INDI गठबंधन ने माताओं और बहनों का अपमान किया है, मुझे लगता है कि यह उसी का नतीजा है कि ऐसी बातें सामने आ रही हैं। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि जिस परिवार में पैसे हमेशा विवाद से आए हों, उस घर में विवाद होना ही है। उनके साथ जिस प्रकार से व्यवहार हुआ है, वह बहुत दुखद है। यह न बिहार की परंपरा और न ही इस देश की परंपरा है।

परिवारवाद की सोच को आगे बढ़ाने का काम किया: दानिश

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है। एक बात स्पष्ट है कि चाहे लालू प्रसाद यादव की पार्टी हो या समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस पार्टी हो, उन्होंने हमेशा जनता के साथ छलावा किया है और परिवारवाद की सोच को आगे बढ़ाने का काम किया है और जनता के विकास, उन्नति की अनदेखी की है, इसलिए बिहार का चुनाव परिणाम स्पष्ट बताता है कि जनता को आज पूरी तरह से मोदी सरकार के नेतृत्व पर भरोसा है। केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि राजनीतिक मतभेद एक तरफ है, लेकिन वह मेरा भी परिवार है। जब किसी परिवार में तनाव होता है तो वह आपको कितना विचलित कर सकता है, मैं इस बात को समझ सकता हूं। (Politics on Rohini AcharyaPolitics on Rohini Acharya)

मैं इस रूढ़िवादी सोच का प्रशंसक नहीं हूं: चिराग

केंद्रीय मंत्री चिराग ने कहा कि मैं इस बात को नहीं मानता हूं कि शादी के बाद ससुराल ही बेटी का घर है। मैं इस रूढ़िवादी सोच का प्रशंसक नहीं हूं। कल जब उन्होंने यह सब कहा तो मैं यह दर्द समझ रहा हूं और प्रार्थना करता हूं कि यह सब जल्द ठीक हो जाए। VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने लालू प्रसाद यादव के परिवार में फूट पर कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है। अक्सर यह होता है कि अगर हार होती है तो किसी एक व्यक्ति पर ठीकरा फोड़ा जाता है। मुझे लगता है कि यह सही नहीं है। हमें अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि यह बहुत तकलीफ की बात है कि एक ही परिवार में ऐसा हो रहा है, जिस समय बिहार का भविष्य तय होने वाला हो, उसी समय उस परिवार में इतने मतभेद अच्छे नहीं है। यह बिहार और उनकी पार्टी RJD के लिए अच्छे संकेत नहीं है।

Back to top button
error: Content is protected !!