महबूबा मुफ्ती के बयान पर गरमाई सियासत, BJP बोली- आतंकी बचाओ गैंग फिर सक्रिय

Politics over Mufti Statement: दिल्ली और श्रीनगर विस्फोट पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के आरोपों के बाद राजनीति गरमा गई है। मुफ्ती के बयान पर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी, जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ओवैसी ने महबूबा मुफ्ती के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में हुई आतंकवादी कार्रवाई की निंदा करते हैं। आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। जिस तरह से उन्होंने इसकी योजना बनाई, हम इन सभी चीजों की निंदा करते हैं। अब जांच चल रही है, लेकिन दिल्ली में जो हुआ और नौगाम पुलिस स्टेशन में भी जो विस्फोट हुआ, वहां जो लोग मारे गए, वह हमारे लिए दुखद है।
यह भी पढ़ें:- लाल किला ब्लास्ट पर महबूबा का सवाल, कहा- कश्मीर में सब ठीक कैसे, जब आवाजें दिल्ली तक पहुंच रही है ?
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने महबूबा मुफ्ती को दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। चौधरी ने कहा कि महबूबा मुफ्ती एक दिन भाजपा के पक्ष में बोलती हैं और अगले दिन उसके विरोध में। पहले उन्हें तय करना चाहिए कि वे भाजपा के साथ हैं या उसके विरोध में, क्योंकि कुछ दिन पहले बडगाम चुनाव के दौरान वे भाजपा के साथ चुनाव लड़ रही थी। अगर वे 2019 के बाद की बात करते हुए कह रही हैं कि हालात ठीक नहीं हैं तो हालात कब अच्छे थे ? कुछ दिन पहले आपने कहा था कि हालात अच्छे हैं और अब आप कह रही हैं कि हालात अच्छे नहीं हैं। उनकी पार्टी PDP तय नहीं कर पा रही है कि क्या रुख अपनाए।
शहजाद पूनावाला ने साधा निशाना
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मुफ्ती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने वोट बैंक के नाम पर आतंकी बचाओ गैंग फिर से काम पर लग गया है। ये वही महबूबा मुफ्ती हैं, जिन्होंने बुरहान वानी और अन्य आतंकवादियों को निर्दोष बताया था। यह तंत्र बार-बार ऐसी बातें कहता रहता है। उनका काम तुष्टिकरण के नाम पर आतंकवाद को तर्कसंगत बनाना, वैध बनाना, मुख्यधारा में लाना और उचित ठहराना है। महबूबा मुफ्ती अकेली इसकी दोषी नहीं हैं। पी. चिदंबरम ने कहा कि लोग परिस्थितियों के कारण आतंकवादी बनते हैं, उनकी परिस्थिति क्या थी ? अबू आजमी ने कहा कि ये निर्दोष लोग हैं। ये लोग वोट बैंक नीति को राष्ट्रीय नीति के ऊपर रखते हैं। (Politics over Mufti Statement)



