लाल किला ब्लास्ट पर महबूबा का सवाल, कहा- कश्मीर में सब ठीक कैसे, जब आवाजें दिल्ली तक पहुंच रही है ?

Mehbooba Mufti Statement: पीडीपी चीफ और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना न सिर्फ देश में बढ़ती असुरक्षा की भावना को दर्शाती है, बल्कि जम्मू-कश्मीर में केंद्र की नीतियों की नाकामी को भी उजागर करती है। महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दुनिया को यह बताती रही कि कश्मीर में स्थिति सामान्य हो चुकी है, लेकिन सच्चाई इसके उलट है। उन्होंने कहा कि आपने दुनिया को बताया कि कश्मीर में सब कुछ ठीक है, लेकिन कश्मीर की परेशानी लाल किले के सामने गूंज रही हैं। आपने जम्मू-कश्मीर को सुरक्षित बनाने का वादा किया था, लेकिन आपकी नीतियों ने दिल्ली को भी असुरक्षित कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- गरियाबंद में दो निजी अस्पतालों का आयुष्मान पंजीयन निलंबित, गंभीर लापरवाही उजागर
बता दें कि दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर की शाम एक कार ब्लास्ट हुआ था। जांच में सामने आया कि पुलवामा के रहने वाले डॉ. उमर ने अपने शरीर पर विस्फोटक बांधकर खुद को उड़ा लिया। इस हमले में 13 लोगों की मौत हुई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए। इस पूरे मामले की जांच दिल्ली, हरियाणा, यूपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस समेत NIA, NSG और ED कर रही हैं। अब तक इस मॉड्यूल से जुड़े छह डॉक्टर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। महबूबा मुफ्ती ने केंद्र पर सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करके वोट तो मिल सकते हैं, लेकिन देश किस दिशा में जा रहा है? दिल्ली के लोग शायद सोचते हैं कि जितना ज्यादा विभाजन होगा, उतना ही खून-खराबा होगा और उतने ही ज्यादा वोट मिलेंगे। लेकिन देश कुर्सी से कहीं बड़ा है।
एक डॉक्टर RDX बांधकर उड़ जाए तो सवाल उठते हैं: मुफ्ती
उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि जो युवक इस रास्ते पर जा रहे हैं, वे गलत कर रहे हैं। यह न सिर्फ उनके लिए, बल्कि उनके परिवार और पूरे देश के लिए खतरनाक है। नौगाम थाने के पास हुई विस्फोट की घटना पर भी उन्होंने दुख जताया।
महबूबा ने कहा कि बहुत बुरा हुआ, इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। जो मारे गए, उसके लिए हमें बहुत अफसोस है। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। महबूबा ने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं का हिंसक रास्ते पर जाना गंभीर चेतावनी है। उन्होंने कहा कि अगर एक पढ़ा-लिखा युवा, एक डॉक्टर, अपने शरीर पर RDX बांधकर खुद को और दूसरों को मार देता है तो इसका मतलब है कि देश में सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल कमजोर है। मुझे नहीं पता कि केंद्र में कितने लोग सच्चे राष्ट्रवादी हैं। (Mehbooba Mufti Statement)



