हिड़मा के खात्मे के बाद नक्सलियों पर शिकंजा कसना तेज, आंध्र प्रदेश में देवजी के 9 गार्ड समेत 31 गिरफ्तार

Naxalite Arrested in Andhra: छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश सीमा से सटे अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मारेदुमिल्ली इलाके में मंगलवार सुबह हुए बड़े एनकाउंटर के बाद अब पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। हिड़मा, उसकी पत्नी राजे और सब-जोनल कमेटी मेंबर टेक शंकर समेत 6 नक्सलियों को ढेर करने के तुरंत बाद आंध्र प्रदेश पुलिस ने नक्सली संगठन के नेटवर्क पर करारा वार करते हुए 31 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इंटेलिजेंस एडिशनल DGP महेश चंद्र ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों से लगातार इनपुट मिल रहे थे कि नक्सल संगठन आंध्र प्रदेश में अपना नेटवर्क फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद विजयवाड़ा, कृष्णा, NTR, एलुरु और काकीनाडा जिलों में व्यापक निगरानी शुरू की गई।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हिड़मा के ढेर होते ही क्रेडिट वार शुरू, कांग्रेस ने कहा- हिड़मा का खात्मा 5 साल की हमारी तैयारी का परिणाम
उन्होंने बताया कि 31 गिरफ्तार नक्सलियों में 9 लोग केंद्रीय समिति (CCM) सदस्य देवजी के सुरक्षा गार्ड हैं। बाकी 22 आरोपी PLGA बटालियन और साउथ बस्तर जोनल कमेटी से जुड़े हैं। ये सभी लोग आंध्र प्रदेश को सुरक्षित ठिकाने की तरह इस्तेमाल कर नक्सल मूवमेंट को फिर से सक्रिय करने की योजना में थे। DGP ने कहा कि यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही इंटेलिजेंस निगरानी का परिणाम है। अभी भी कई नक्सली फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियों की उम्मीद है। (Naxalite Arrested in Andhra)
केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
मंगलवार सुबह मारेदुमिल्ली के घने जंगलों में आंध्र प्रदेश की स्पेशल ग्रेहाउंड फोर्स ने बड़ी सफलता हासिल की। देश के सबसे खतरनाक नक्सल कमांडरों में शामिल माड़वी हिड़मा एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया। ढेर किए गए 6 नक्सलियों में 4 की पहचान हो चुकी है, जिसमें माड़वी हिड़मा (CCM सदस्य), राजे उर्फ रजक्का (हिड़मा की पत्नी, DVCM), चेल्लूरी नारायणा (SZCM) और टेक शंकर (ZCM) शामिल हैं। हिड़मा पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था और वह पिछले 20 सालों में हुए 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था। इधर, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में भी एक और मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में नक्सलियों के घायल होने की खबर है। दोनों जगहों पर सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
नक्सली नेटवर्क पर दो मोर्चों से एक साथ प्रहार
बस्तर IG पी. सुंदरराज ने कहा कि 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने 6 नक्सलियों के शव बरामद किए। उनमें से एक नक्सलियों की केंद्रीय समिति का सदस्य माड़वी हिड़मा शामिल था, जो पूर्व में पीएलजीए बटालियन का कमांडर था और आतंकवाद का चेहरा माना जाता है। मुठभेड़ में उसका शव भी बरामद किया गया। हिड़मा की पत्नी और चार अन्य माओवादियों के शव बरामद किए गए। मौके से भारी मात्रा में एके-47 और गोला-बारूद भी बरामद किया गया एक तरफ हिड़मा और उसकी टीम का एनकाउंटर, दूसरी तरफ भारी संख्या में नक्सलियों की गिरफ्तारी इन दोनों कार्रवाईयों ने नक्सली संगठन को बड़ा झटका दिया है। आंध्र-छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों की यह संयुक्त रणनीति नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने में निर्णायक मानी जा रही है।



