छत्तीसगढ़ में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, 7 जिलों में 20 ठिकानों पर छापेमारी

ACB EOW Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 7 जिलों के 20 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई उन अधिकारियों के खिलाफ की जा रही है, जो पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बने थे और जिन पर अनियमित चयन समेत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लंबे समय से लंबित थे। जानकारी के मुताबिक 2024 में पटवारी से RI पदोन्नति के लिए आयोजित परीक्षा को लेकर सरकार को बड़े पैमाने पर शिकायत मिली थी। आरोप थे कि परीक्षा में अनियमितताएं, फर्जी अंक, बाहरी दबाव, और कई अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने जैसी गंभीर गड़बड़ियां हुई थी।
यह भी पढ़ें:- नारायणपुर में दो गांवों के बीच बढ़ा सीमा विवाद, हथियारों के साथ पहुंचे ग्रामीण, दहशत का माहौल
इसी सिलसिले में ACB-EOW ने यह संयुक्त अभियान चलाया है। ACB अधिकारियों के मुताबिक जिन जिलों में छापे मारे गए, उनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, गरियाबंद, अंबिकापुर, महासमुंद और जगदलपुर शामिल हैं। सुबह-सुबह टीमों ने अधिकारियों के आवास, कार्यालय, निजी ठिकानों और पैतृक संपत्तियों पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीमों ने डिजिटल उपकरण, बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, प्रॉपर्टी कागजात और संदिग्ध ट्रांजैक्शन के रिकॉर्ड जब्त किए हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि कई अधिकारियों की संपत्ति उनकी आय के अनुपात से काफी ज्यादा है। कुछ दस्तावेजों में फर्जी मार्क्स, बाहरी दबाव डालकर चयन कराने, करीबी रिश्तेदारों को सुनियोजित तरीके से परीक्षा में बैठाने जैसे आरोपों की पुष्टि की संभावना जताई जा रही है।
नकदी और जेवर बरामद
छापेमारी के दौरान कुछ स्थानों से नकदी, सोने-चांदी के गहने, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और उच्च मूल्य की संपत्तियों के दस्तावेज मिलने की खबर है। हालांकि ACB-EOW की ओर से इन बरामदगी पर अधिकृत बयान छापेमारी पूरी होने के बाद ही जारी किया जाएगा। 7 जनवरी 2024 को हुई पटवारी से RI चयन परीक्षा में 2600 से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 29 फरवरी 2024 को घोषित परिणामों में 216 उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के लिए चुना गया था, लेकिन अंतिम चयन सिर्फ 13 अभ्यर्थियों का ही हुआ। जांच कमेटी ने 22 अभ्यर्थियों के चयन पर गंभीर सवाल उठाए थे। शिकायतों में यह मुद्दा सबसे प्रमुख रहा कि परीक्षा में बड़ी संख्या में परिवारजनों और रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए उन्हें सुनियोजित तरीके से बैठाया गया था।



