छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा पर बड़ी सफलता, 48 घंटे में 13 नक्सली ढेर, 50 गिरफ्तार

Chhattisgarh Andhra Border: छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर सुरक्षाबलों ने 48 घंटों के भीतर नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी हासिल की है। संयुक्त अभियानों में कुल 13 नक्सलियों को मार गिराया गया, जबकि 50 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। लगातार दो दिनों से चल रही तलाशी और मुठभेड़ कार्रवाई ने पूरे दंडकारण्य क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका दिया है।बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में शीर्ष नक्सली नेता टेक शंकर समेत 7 नक्सली ढेर किए गए।
यह भी पढ़ें:- आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
टेक शंकर को मेटूरी जोगा राव के नाम से भी जाना जाता था। वो SZCM और AOB एरिया का कमांडर था। मारे गए नक्सलियों की पहचान ज्योति उर्फ सरिता (DVCM), सुरेश उर्फ रमेश, लोकेश उर्फ गणेश, सैने उर्फ वासु, अनीता और शम्मी के रूप में हुई है, जो पहले जगरगुंडा-दक्षिण बस्तर डिवीजन में सक्रिय थे। मौके से AK-47 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। इधर, आंध्र प्रदेश पुलिस ने काकीनाडा, कृष्णा, विजयवाड़ा और ASR जिले में लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन में 50 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। (Chhattisgarh Andhra Border)

पकड़े गए लोगों में दंडकारण्य के कई बड़े ऑपरेटिव शामिल हैं, जिनकी पहचान मदन्ना, मनीला, पोडियम रेंगु, सोड़ी लछु और उड्डे रघु के रूप में हुई है। गिरफ्तार नक्सलियों में बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा के नक्सली शामिल हैं। सभी से आंध्र पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह नक्सली लीडर देवजी की मौजूदगी की सूचना पर टीम इलाके में सर्चिंग के लिए पहुंची थी। इसी इलाके में मंगलवार को भी एक बड़ी कार्रवाई हुई थी। देश के सबसे खतरनाक नक्सल कमांडरों में शामिल माड़वी हिड़मा 18 नवंबर की सुबह मरेडमिल्ली जंगल में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया।

इस एनकाउंटर में हिड़मा, उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सली मारे गए थे। हिड़मा पिछले दो दशकों में हुए 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था। पिछले 48 घंटों में नक्सलियों के मारे जाने और गिरफ्तार होने का यह आंकड़ा सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जानकारों के मुताबिक यह कार्रवाई नक्सली संगठनों की कमांड संरचना पर सीधा असर डाल सकती है, क्योंकि टेक शंकर और हिड़मा जैसे शीर्ष नेताओं की मौत नक्सल नेटवर्क के लिए भारी नुकसान है। (Chhattisgarh Andhra Border)



