डोंगरगढ़-बालाघाट बॉर्डर पर नक्सल मुठभेड़, हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद

Inspector Ashish Sharma Martyred: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ के बोरतलाव क्षेत्र के जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में मध्यप्रदेश हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हो गए। उन्हें गोली लगने के बाद घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एंटी नक्सल ऑपरेशन के डीजीपी पंकज श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की संयुक्त टीम की ओर से चलाए गए ऑपरेशन के दौरान हुई।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा पर बड़ी सफलता, 48 घंटे में 13 नक्सली ढेर, 50 गिरफ्तार
तीनों राज्यों के पुलिस बल को सीमावर्ती इलाके बोर तालाब के पास नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद टीम सर्चिंग पर पहुंची, तभी घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी मुठभेड़ के दौरान ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को गोली लगी। उन्हें तुरंत डोंगरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। आशीष शर्मा के शहीद होने की खबर मिलते ही नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना, एएसपी संदीप भूरिया और पुलिस बल उनके गृह जिले के लिए रवाना हो गए। (Inspector Ashish Sharma Martyred)

परिवार को अभी आधिकारिक रूप से सूचना नहीं दी गई है। सिर्फ उनके छोटे भाई को इसकी जानकारी दी गई, जो शहीद का पार्थिव शरीर लेने बालाघाट के लिए निकल चुके हैं। जानकारी के मुताबिक आशीष शर्मा नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील के बोहानी गांव के रहने वाले थे। 2016 में उनका चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हुआ था। इससे पहले वे इंटेलिजेंस में आरक्षक के रूप में सेवा दे रहे थे। नक्सल उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला था। पिछले दो सालों में भारत सरकार से उन्हें दो वीरता पदक मिले हैं।

CM मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि
आशीष शर्मा की शादी दो महीने बाद जनवरी में होने वाली थी। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि दी है। साथ ही कहा है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान के दौरान नरसिंहपुर जिले के वीर जवान आशीष शर्मा के वीरगति को प्राप्त होने का अत्यंत दुखद समाचार मिला है। इस शोक की घड़ी में सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। शहीद जवान के छोटे भाई को शासकीय सेवा में लिया जाएगा। साथ ही परिवार को शासन की नीति के अनुरूप सभी सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

CM विष्णुदेव साय ने भी किया नमन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राजनांदगांव जिले के सीमावर्ती जंगलों में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम की ओर से चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मध्यप्रदेश हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनका अटूट समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और असाधारण वीरता पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी। दो बार वीरता पदक से सम्मानित इस जांबाज अधिकारी का शहीद होना देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी वीरगति राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा और यह त्याग हमें नक्सलवाद के इस नासूर को पूरी तरह समाप्त करने के संकल्प में और दृढ़ करता है।




