7वीं की छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान, टीचर्स पर प्रताड़ित करने का आरोप

Student Suicide in Maharashtra: महाराष्ट्र के जालना में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 13 साल की आरोही दीपक बिडलान ने अपने ही स्कूल की बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह 7:30 से 8 बजे के बीच हुई, जिसके बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। आरोही 7वीं कक्षा में पढ़ती थी। रोज की तरह वह सुबह स्कूल पहुंची थी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही स्कूल प्रबंधन ने उसके पिता दीपक बिडलान को फोन कर बताया कि बेटी ने छलांग लगा ली है। परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे। घायल अवस्था में आरोही को पहले एक निजी अस्पताल और फिर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- शादी के 7वे दिन हत्या! प्रेमी संग रची साजिश: रास्ता पूछने के बहाने बुलाया… माथे पर सटाकर गोली मार दी
आरोही के पिता ने आरोप लगाया है कि टीचर्स के किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न के कारण बच्ची तनाव में थी। उनका कहना है कि इतनी कम उम्र में वह ऐसा कदम उठा लेगी, यह उन्होंने कभी नहीं सोचा था। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्कूल अधिकारियों, क्लासमेट्स और परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही स्कूल परिसर के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटनाक्रम साफ हो सके। पुलिस के मुताबिक अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
11वीं की छात्रा ने दी थी जान
इस घटना ने बच्चों में बढ़ते तनाव और स्कूलों में मानसिक सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल खड़ा किया है, क्योंकि बीते कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में स्कूली छात्रों की आत्महत्या के कई मामले सामने आए हैं। MP के रीवा में 11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी कॉपी से मिले नोट में शिक्षक पर प्रताड़ना का जिक्र है। नोट में लिखा है कि शिक्षक मारते वक्त हाथ पकड़ लेता था। मुट्ठी बंद कर उसे खोलने को कहता था। सजा के बहाने अंगुलियों में पेन डालकर दबाता था। परिवार का आरोप है कि छात्रा घर में सामान्य थी, लेकिन स्कूल में प्रताड़ित किया गया।
18 नवंबर को छात्र ने किया था सुसाइड
18 नवंबर को 16 साल के छात्र ने दिल्ली के राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से कूदकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड नोट में लिखा- स्कूल टीचर्स के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। जयपुर में 9 साल की अमायरा ने 1 नवंबर को स्कूल की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। कक्षा चौथी की स्टूडेंट को कई महीनों तक स्कूल में लगातार बुलिंग का सामना करना पड़ा, जिसमें उसके क्लासमेट्स से गाली-गलौज भी शामिल है। छात्रा ने लगातार शिकायतें की, लेकिन अनसुना किया गया, जिसकी बाद उसने मौत को गले लगा लिया। जालना की घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या स्कूल सिर्फ पढ़ाई की जगह है या बच्चों के लिए डर, दबाव और तनाव का मैदान बनते जा रहे हैं ?



