हिड़मा के मारे जाने के बाद बिखर रहा नक्सली संगठन, 37 नक्सलियों ने एक साथ किया सरेंडर

Naxalites Surrender in Telangana: हिड़मा के मारे जाने के बाद नक्सली संगठन में बिखराव देखने को मिल रहा है। दरअसल, हैदराबाद में नक्सल संगठन के कई शीर्ष कमांडरों ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। 37 नक्सलियों ने तेलंगाना DGP शिवधर रेड्डी के सामने आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में नक्सल संगठन के तीन बड़े नेताओं ने भी हथियार डाल दिए हैं जिसमें तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य कोय्याडा सम्बैया उर्फ आजाद, स्टेट कमेटी सदस्य अप्पासी नारायण उर्फ रमेश और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) सदस्य मूचाकी सोमड़ा उर्फ एर्रा शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- अमित बघेल को राहत! हेट स्पीच मामले में गिरफ्तारी की मांग हाईकोर्ट ने ठुकराई
तीनों नक्सली लंबे समय से दक्षिण बस्तर, कोय्यूर और दंडकारण्य जोन में सक्रिय थे। एर्रा का नाम विशेष रूप से हिड़मा के करीबी और कमांड स्पेशलिस्ट के रूप में लिया जाता रहा है। सरेंडर करने वाले कई नक्सलियों पर भारी इनाम घोषित था। आजाद (49), नारायण रमेश (70) और मूचाकी सोमड़ा (42) पर 20-20 लाख रुपए का इनाम, DVCM (डिवीजनल कमेटी सदस्य) पर 5-5 लाख रुपए, ACM (एरिया कमेटी सदस्य) पर 4-4 लाख रुपए और पार्टी मेंबर्स पर 1-1 लाख रुपए का नाम था। कुल मिलाकर 37 नक्सलियों पर 1 करोड़ 41 लाख रुपए का इनाम घोषित था। हैदराबाद में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का व्यापक नेटवर्क था। इनमें तेलंगाना स्टेट कमेटी के 12 कैडर, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के 23 सदस्य और PLGA बटालियन नंबर-1 के 2 कैडर शामिल थे।
कौन-कौन से संगठन से जुड़े थे नक्सली ?
ये कैडर बस्तर से लेकर उत्तरी तेलंगाना तक कई हमलों में शामिल रहे हैं। सरेंडर करने वाले नक्सली अपने साथ 1 AK-47 रायफल, 2 SLR रायफल, 4 .303 रायफल, भारी मात्रा में बम बनाने की सामग्री और गोला-बारूद, अन्य असॉल्ट हथियार लेकर पहुंचे थे। इन हथियारों का इस्तेमाल वे पिछले कई मुठभेड़ों में कर चुके थे। बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने कहा कि सरकार, बस्तर पुलिस और स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि जो भी नक्सली हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से पुनर्वास दिया जाएगा। नक्सलियों के आत्मसमर्पण के पीछे पुलिस की लगातार दबाव रणनीति, सुरक्षित पुनर्वास नीति और गांव-स्तर पर विकास गतिविधियों को बड़ी वजह माना जा रहा है।
आंध्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर टूट रही नक्सली कमर
सरेंडर से पहले सुरक्षाबलों की कार्रवाई ने नक्सलियों के संगठन को कमजोर कर दिया है। दरअसल, 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें हिड़मा, उसकी पत्नी राजे और 4 अन्य नक्सली मार गिराए गए। 20 नवंबर को दोनों का उनके गांव में अंतिम संस्कार किया गया। हिड़मा पिछले 20 सालों में नक्सल हिंसा का सबसे बड़ा चेहरा रहा है। 2010 दंतेवाड़ा हमला (76 CRPF जवान शहीद), 2013 झीरम घाटी हत्याकांड 2021 सुकमा-बीजापुर हमले का मुख्य मास्टरमाइंड हिड़मा को माना जाता था। (Naxalites Surrender in Telangana)
दो दिन में 13 नक्सली ढेर, 50 गिरफ्तार
नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है। 2 दिनों में 13 नक्सली मारे गए। 50 नक्सली गिरफ्तार किए गए। ASR जिले में मुठभेड़ में नेता टेक शंकर समेत 7 नक्सली मारे गए थे। इन ऑपरेशनों के कारण नक्सली संगठन बुरी तरह कमजोर हुआ है और सरेंडर बढ़े हैं। तेलंगाना में 37 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, आंध्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर लगातार हो रही मुठभेड़ों और हिड़मा की मौत ने यह संकेत दिया है कि नक्सलवाद की जड़ें कमजोर पड़ रही हैं। सरकार की पुनर्वास नीति, पुलिस की सख्त कार्रवाई और विकास की पहल मिलकर नक्सलियों की पकड़ को लगातार कमजोर कर रही है। (Naxalites Surrender in Telangana)




