अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण आज, 161 फीट ऊंचे शिखर पर फहरेगी 2 किलो की केसरिया ध्वजा

Ayodhya Ram Temple: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिन बाद आज यानी 25 नवंबर को राम मंदिर का ध्वजारोहण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर अभिजीत मुहूर्त में साढ़े 12 बजे बटन दबाकर 161 फीट ऊंचे शिखर पर 2 किलो वजनी केसरिया ध्वजा फहराएंगे। इसी के साथ राम मंदिर निर्माण कार्य की पूर्णता का संकेत माना जाएगा। कार्यक्रम में करीब 7 हजार श्रद्धालु और अतिथि मौजूद रहेंगे। ध्वजारोहण से पहले प्रधानमंत्री मोदी 1.5 किमी लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे। यह रोड शो साकेत कॉलेज से शुरू होकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक जाएगा। इस दौरान 1 किमी लंबे रामपथ को 8 जोन में बांटा गया है, जहां स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक थालियों, आरती और फूल-मालाओं के साथ पीएम का स्वागत करेंगी।
यह भी पढ़ें:- देश की राजधानी में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का भव्य प्रदर्शन
अयोध्या को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। सोमवार को ही CM योगी आदित्यनाथ और RSS प्रमुख मोहन भागवत मंदिर पहुंच चुके हैं। समारोह में उद्योग, खेल, साहित्य और फिल्म जगत के लगभग 1 हजार VVIP मेहमान शामिल होंगे। राम मंदिर निर्माण में 2 करोड़ से ज्यादा दान देने वाले 100 दानदाताओं को भी आमंत्रण मिला है। हालांकि शंकराचार्यों और अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद को निमंत्रण नहीं भेजा गया। प्रसाद ने कहा कि उन्हें बुलाया जाता तो वे नंगे पैर दौड़कर पहुंचते। ध्वजा तीन-परत वाले विशेष कपड़े से बनी है, जिसके किनारों पर गोल्डन फैब्रिक लगाया गया है। इसमें सूर्य का चिह्न, ‘ॐ’ और कोविदार वृक्ष का चित्र हाथ की कारीगरी से उकेरा गया है। (Ayodhya Ram Temple)

ध्वजा 10 फीट ऊंची और 20 फीट लंबी तिकोनी समकोण आकृति की है। इसे बनाने में गुजरात के कारीगरों को 25 दिन लगे। मंदिर के शिखर पर लगने वाले दंड पर मुंबई के कारीगरों ने 21 किलो सोना मढ़ा है। यह ध्वजा तेज तूफान में भी सुरक्षित रहने और हवा बदलने पर स्वत: पलट जाने की क्षमता रखती है। ध्वजारोहण के बाद बड़े पैमाने पर भंडारे का आयोजन होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए SPG, CRPF, PAC, ATS और NSG की टीमें 5-लेयर सुरक्षा में तैनात हैं। सोमवार को हेलिकॉप्टर से पूरे क्षेत्र में एयर सर्विलांस किया गया। (Ayodhya Ram Temple)

राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि यह भगवा पताका त्याग और समर्पण का प्रतीक है। वहीं VHP के सगुन श्रीवास्तव ने कहा कि ध्वजारोहण पूरे हिंदू समाज की स्थापना का प्रतीक है। 500 साल के संघर्ष और बलिदानों की आज पूर्णता हो रही है। बाबरी मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने भी कार्यक्रम का स्वागत करते हुए कहा कि अयोध्या में खुशी की लहर है और देश में शांति और भाईचारे का संदेश जाना चाहिए। पूर्व CM उमा भारती ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले पताका फहराने पर गोली चलती थी, आज फूल बरसेंगे।

ध्वज का महापूजन वैदिक विधि से संपन्न हुआ। गणपति पूजन, नवग्रह पूजन, योगिनी और वास्तु पूजन के बाद मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल से अभिषेक किया गया। शंखध्वनि के साथ ‘राम नाम’ के उच्चारण के बीच ध्वज को आसन पर स्थापित किया गया। आज दोपहर अभिजीत मुहूर्त में इसी ध्वज को राम मंदिर के शिखर पर फहराया जाएगा, जिसे पूरा देश और विश्व लाइव प्रसारण के माध्यम से देखेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम ऐसे समय में पैदा हुए हैं जब अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण हुआ है और अब धर्म ध्वजा भी लहराने वाली है। राम हमारी हर सांस में हैं। (Ayodhya Ram Temple)



