महाराष्ट्र के वसई में क्लोरीन गैस लीक, एक की मौत, फायरफाइटर्स समेत 18 लोग अस्पताल में भर्ती

Gas Leak in Maharashtra: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई वेस्ट में मंगलवार दोपहर क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। हादसा दीवानमन श्मशान घाट के पास पानी की टंकी के नजदीक हुआ, जहां पुराने सिलेंडर से गैस रिसने लगी। जहरीली गैस के संपर्क में आने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 5 फायरफाइटर्स समेत 18 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत, जी मिचलाना, और आंखों में जलन की शिकायत हुई।
कैसे हुआ हादसा ?
डिप्टी डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट और डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के CEO सुभाष बागड़े ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। उनके मुताबिक 10-15 साल पुराने क्लोरीन सिलेंडर का वाल्व लीक हुआ, जिससे जहरीला धुआं फैल गया। फायरफाइटर्स तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कई लोग गैस की चपेट में आ चुके थे। अस्पताल में तेज धुएं का प्रभाव झेल रहे 59 साल के देव कांतिलाल पारदीवाल की मौत हो गई। उनकी पत्नी मनीषा (55) ICU में भर्ती हैं। जिन फायरफाइटर्स को अस्पताल ले जाया गया, उनमें विजय राणे (53)-स्टेशन इंचार्ज, कल्पेश पाटिल (41), कुणाल पाटिल (28) और ड्राइवर प्रमोद पाटिल (43) शामिल हैं। सचिन मोरे को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें:- 30 फीट नीचे सोती नदी में गिरी कार, 5 की मौत, शादी से लौटते समय हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक कुल 19 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें किशोर, दो टीनएज लड़कियां, और पांच महिलाएं शामिल हैं। गैस लीक की जानकारी मिलते ही फायरफाइटर्स ऑक्सीजन मास्क पहनकर मौके पर पहुंचे। रिसाव कर रहे सिलेंडर को पास के नाले में सुरक्षित रूप से ले जाकर डिफ्यूज किया गया। प्रभावित इलाकों को तुरंत खाली कराया गया। यह घटना वसई वेस्ट के दीवान मान कॉम्प्लेक्स इलाके में सामने आई। क्लोरीन गैस के बादल फैलने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। (Gas Leak in Maharashtra)
कुछ दिन पहले चंद्रपुर में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में भी हाल ही में क्लोरीन गैस लीक का मामला सामने आया था, जिसमें दर्जनों लोग प्रभावित हुए थे। वहीं हैदराबाद के मोगलपुरा इलाके में सोमवार रात शाह अली बांदा मेन रोड स्थित गोमती इलेक्ट्रॉनिक्स में आग लग गई। दुकान के बाहर खड़ी CNG-फिटेड कार में भी धमाका हुआ, जिसमें 1 व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 7 लोग घायल हो गए। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इधर, छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के कोंडालूर गांव में गैस लीक होने से घर में आग लग गई। परिवार के 5 लोग झुलस गए, जिसमें अगस्ती बघेल, नरेंद्र बघेल, शांति बघेल, फूलमती बघेल और सुधु राम शामिल हैं। सभी को जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।



