हॉन्गकॉन्ग के रिहायशी कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, 44 लोगों की मौत, 279 घायल

Fire in Hong Kong: हॉन्गकॉन्ग के ताई पो इलाके में बुधवार को वांग फुक कोर्ट नाम के बड़े रिहायशी कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 279 लोग घायल हैं। आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी हैं, लेकिन इसे लेवल-5 अलार्म घोषित कर दिया गया है, जो हॉन्गकॉन्ग में आग की सबसे गंभीर श्रेणी है। वांग फुक कोर्ट कुल आठ इमारतों का कॉम्प्लेक्स है, जिनमें हर इमारत 35 मंजिल की है, जहां करीब 1,984 फ्लैट हैं, जिनमें 4,000 लोग रहते हैं। घटनास्थल से मिले फुटेज में दिखा कि इमारतों के बाहर लगी बांस की मचान तेज लपटों में घिरी हुई थी।
यह भी पढ़ें:- कुणाल कामरा टी-शर्ट केस: RSS पर तंज कसने वाली पोस्ट से फिर विवाद, BJP ने दी पुलिस कार्रवाई की चेतावनी
यह मचान मरम्मत कार्य के लिए लगाई गई थी। आग की शुरुआत इसी मचान से हुई और तेज हवा-जलते मलबे के कारण लपटें एक इमारत से दूसरी तक फैलती चली गई। कई फ्लैटों में खिड़कियां मरम्मत के कारण बंद थी, जिस वजह से लोगों को आग का पता देर से लगा। हॉन्गकॉन्ग में बांस की मचान आम है, क्योंकि यह हल्की, मजबूत और सस्ती होती है, लेकिन एक बार आग लगने पर यह तेजी से जलती है। इसी वजह से सरकार इसे धीरे-धीरे स्टील मचान से बदलने की कोशिश कर रही है। (Fire in Hong Kong)

कॉम्प्लेक्स के कई बुजुर्ग समय पर बाहर नहीं निकल पाए। 40 सालों से यहां रह रहे एक शख्स ने बताया कि हमारे कई पड़ोसी बुजुर्ग हैं, वे तेजी से बाहर नहीं भाग सकते थे। कई लोग अभी भी अपने घरों में फंसे हुए हैं और पूरी तरह सुरक्षित होने तक बाहर निकलने से डर रहे हैं। फायर डिपार्टमेंट ने 200 से ज्यादा दमकल गाड़ियां और करीब 100 एम्बुलेंस तैनात की हैं, लेकिन कई मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। (Fire in Hong Kong)

ऊपरी मंजिलों पर तापमान इतना ज्यादा था कि फायरफाइटर्स उन क्षेत्रों तक नहीं जा पाए। इसी दौरान एक फायरफाइटर की मौत भी हो गई। पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि कितने लोग लापता हैं। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर लापरवाही या गैर-इरादतन हत्या का शक है। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपों और गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हॉन्गकॉन्ग सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए दो अस्थायी शेल्टर खोले हैं, जिसमें क्वॉन्ग फुक कम्युनिटी हॉल और तुंग चेओंग स्ट्रीट लीजर बिल्डिंग शामिल हैं। इसके अलावा ऐलिस हो मियू लिंग नेथरसोले अस्पताल में हेल्प डेस्क बनाया गया है।

सरकार ने कहा कि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ी तो और शेल्टर खोले जाएंगे। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर दुख जताया और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने नुकसान को कम करने पर जोर दिया। हॉन्गकॉन्ग में इससे पहले 2008 में मोंग कोक के कॉर्नवाल कोर्ट में लेवल-5 अलार्म वाली आग लगी थी, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई थी और 55 लोग घायल हुए थे। वांग फुक कोर्ट की यह आग पिछले 17 सालों में सबसे भीषण मानी जा रही है। (Fire in Hong Kong)




