महतारी वंदन योजना में ई-केवायसी प्रक्रिया तेज, अगली किश्त से पहले सभी लाभार्थियों का सत्यापन जरूरी
Mahatari Vandan Yojana KYC: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत लाभार्थियों के ई-केवायसी (e-KYC) प्रक्रिया जारी है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक योजना पोर्टल में कुल 69 लाख 26 हजार 466 पात्र हितग्राहियों के आधार कार्ड नंबर दर्ज हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से जिन हितग्राहियों का पहले से ई-केवायसी पूरा है और जो इस योजना के कॉमन हितग्राही हैं, उन्हें स्वतः सत्यापित मानते हुए योजना में शामिल कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार अभी 4 लाख 18 हजार 631 हितग्राहियों का ई-केवायसी बाकि है। ये लाभार्थी प्रदेश के 33 जिलों के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में निवासरत हैं। अगली किश्त के भुगतान से पहले इन सभी चयनित हितग्राहियों का ई-केवायसी पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ई-केवायसी प्रक्रिया को गति देने के लिए 5 नवंबर 2025 से हर ग्राम पंचायत और वार्ड में वीएलई के माध्यम से सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है। (Mahatari Vandan Yojana KYC)

प्रक्रिया के दौरान हितग्राहियों को सिर्फ आधार कार्ड लेकर उपस्थित होना होगा। सरकार का कहना है कि यह व्यवस्था इसलिए की गई है, ताकि आगामी किश्तों का भुगतान बिना किसी बाधा के जारी हो सके और कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न हो। महतारी वंदन योजना मार्च 2024 में शुरू हुई थी, जिसकी अब तक 21वीं किस्त जारी की जा चुकी है। इस योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आर्थिक सशक्त बनाना है। इसके तहत राज्य की पात्र महिलाओं को मासिक 1 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।



