Google Analytics —— Meta Pixel

हॉन्गकॉन्ग अग्निकांड में अब तक 128 लोगों की मौत, 200 से ज्यादा लापता

Hong Kong Fire News: हॉन्गकॉन्ग के ताइ पो जिले के वांग फुक कोर्ट रिहायशी कॉम्प्लेक्स में बुधवार को लगी भीषण आग से अब तक 128 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में 76 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है। अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। हॉन्गकॉन्ग सरकार ने हादसे की क्रिमिनल जांच शुरू कर दी है। देश की भ्रष्टाचार विरोधी स्वतंत्र आयोग (ICAC) ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 7 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। गिरफ्तार व्यक्तियों में विल पावर आर्किटेक्ट्स कंपनी के दो प्रोजेक्ट मैनेजर भी हैं, जो निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे थे।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में 60वीं DGP/IGP कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन, अमित शाह बोले – अगली कॉन्फ्रेंस तक देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होगा

इन पर आरोप है कि निर्माण कार्य में नियमों के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे आग तेजी से फैली। कॉम्प्लेक्स में जुलाई 2024 से मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था। अधिकारियों के मुताबिक स्टायरोफोम जैसी ज्वलनशील सामग्री, प्लास्टिक की जाली (नेट), फायर-रिटार्डेंट न होने वाली शीटें और बाहरी स्कैफोल्डिंग पर लगी सामग्री ने मिलकर आग को मिनटों में पूरे कॉम्प्लेक्स में फैला दिया। तेज हवा और जलते मलबे ने लपटों को इमारत-दर-इमारत फैलाया। एक्सपर्ट्स ने बताया कि आग की वजह सिर्फ बांस की स्कैफोल्डिंग नहीं थी, बल्कि सिंथेटिक सामग्री और ज्वलनशील इंजीनियरिंग मटीरियल आग के फैलाव के लिए ज्यादा जिम्मेदार थे।

24 घंटे में पाया जा सका आग पर काबू

आग जिस कॉम्प्लेक्स में लगी वह 8 इमारतों वाला 35 मंजिला प्रोजेक्ट था, जिसमें करीब 2,000 अपार्टमेंट थे। यह आग 77 साल में हॉन्गकॉन्ग की सबसे भीषण आग बताई जा रही है। आग पर काबू पाने में 24 घंटे से ज्यादा का समय लगा। हॉन्गकॉन्ग के चीफ एग्जीक्यूटिव जॉन ली का-चिउ ने कहा कि सभी पब्लिक हाउसिंग प्रोजेक्ट की सुरक्षा की व्यापक जांच की जाएगी। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी हादसे पर दुख जताया और प्रभावितों की मदद के निर्देश दिए। (Hong Kong Fire News)

1918 में 600 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत

आग इतनी भयानक थी कि कई मंजिलों पर तापमान बेहद ज्यादा था। फायर ब्रिगेड टीम वहां तक पहुंच भी नहीं पा रही थी। इसी दौरान फायर फाइटर हो वाई-हो की मौत हो गई। वह 9 साल से सेवा में थे। आग बुझाते समय उनका संपर्क टीम से टूट गया और बाद में वे ग्राउंड फ्लोर पर गंभीर रूप से घायल मिले। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हांगकांग में अब तक की सबसे भीषण आग 27 फरवरी 1918 को हैप्पी वैली रेसकोर्स में लगी थी, जिसमें वहां की ग्रैंडस्टैंड यानी बैठने वाला बड़ा ढांचा गिर गया था, जिससे 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद एक और बड़ी आग 22 सितंबर 1948 को लगी थी। डेस वोइक्स रोड वेस्ट पर स्थित विंग ऑन के एक गोदाम में धमाके के बाद आग फैली, जिसमें 176 लोगों की मौत और 69 लोग घायल हुए थे। यह दोनों हादसे हांगकांग के इतिहास के सबसे दर्दनाक आग हादसों में गिने जाते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!