ओवरलोड डंपर कार पर पलटा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, 5 फीट की कार 2 फीट में बदली

Road Accident in Saharanpur: उत्तरप्रदेश के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। दरअसल, सहारनपुर के सैयद माजरा गांव के पास तेज रफ्तार और ओवरलोडेड डंपर अचानक बेकाबू होकर कार पर पलट गया। डंपर में भरी बजरी सीधे कार पर गिर गई। हादसे में 4 साल के बच्चे समेत एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पूरी कार डंपर और बजरी के नीचे दबकर पिचक गई। 5 फीट की कार सिर्फ 2 फीट की बची। रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने 3 क्रेन की मदद से डंपर हटाया। बजरी हटाने में घंटों लग गए। तब तक कार के अंदर फंसे लोग तड़पते रहे। कार की छत काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें:- हॉन्गकॉन्ग अग्निकांड में अब तक 128 लोगों की मौत, 200 से ज्यादा लापता

जानकारी के मुताबिक सैयद माजरा के रहने वाले महेंद्र सैनी का परिवार गंगोह में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। कार में महेंद्र के बेटे संदीप (24), बहू रानी देवी, बेटी जूली (27), नाती अनिरुद्ध (4), दामाद शेखर कुमार (28), साली का बेटा विपिन (20) और रिश्तेदार उमेश सैनी (45) सवार थे। संदीप कार चला रहा था। हादसे के बाद उसकी सांसें चल रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद उसने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर ओवरलोड और 100 किमी/घंटा से ज्यादा की स्पीड में था। मोड़ लेते वक्त डंपर बेकाबू होकर सीधे कार पर पलट गया। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि चालक शराब पिए हुए था। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।

अलग-अलग जगह हुए अंतिम संस्कार
एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत से सैयद माजरा गांव में मातम पसरा हुआ है। संदीप और उसकी मां रानी का अंतिम संस्कार गांव में हुआ। जबकि जूली, शेखर और अनिरुद्ध का हरिद्वार में हुआ। वहीं उमेश का हरिद्वार के रावली में हुआ। विपिन का अंतिम संस्कार दौलतपुर में हुआ। हादसे के बाद लोगों में सड़क जाम कर दिया। ADM संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि भीड़ आर्थिक सहायता और मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद की मांग कर रही थी। आश्वासन के बाद जाम खुलवाया गया। राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि पीड़ित परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही खनन क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों पर कार्रवाई की जाएगी। (Road Accident in Saharanpur)




