आंध्र प्रदेश में मंदिर जा रहे 5 श्रद्धालुओं की मौत, मिर्जापुर में कैंसर पीड़ित पिता और डॉक्टर बेटे समेत 4 की गई जान

Road accident in India: देश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले का है, जहां शनिवार सुबह 4.30 बजे NH-167 पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 पुरुष, 1 महिला और 2 बच्चे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़ित कर्नाटक के कोलार से मंगरमपल्यम स्थित राघवेंद्र स्वामी मंदिर जा रहे थे। रास्ते में दूसरी कार से हुई तेज टक्कर में उनकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। दूसरी कार में सवार दो लोग घायल हुए हैं। उनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे कुरनूल GGH में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:- ओवरलोड डंपर कार पर पलटा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, 5 फीट की कार 2 फीट में बदली
इधर, शुक्रवार सुबह UP के मिर्जापुर में एक भीषण हादसे में पिता और डॉक्टर बेटे समेत 4 लोगों की मौत हो गई। घटना कछवा थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास हुई। दरअसल, तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़े 2 लोगों यानी कंटेनर ड्राइवर अजित कुमार और क्लीनर सरोज को रौंद दिया और फिर हाईवे पर खड़े कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आधा हिस्सा कंटेनर के नीचे फंस गया। करीब 50 मीटर तक कार के पार्ट्स सड़क पर बिखर गए। हादसे में प्रयागराज के श्याम कृष्ण यादव (55) और उनके 22 वर्षीय होम्योपैथिक डॉक्टर बेटे अनुराग की मौत हो गई। दोनों वाराणसी के लिए कीमोथैरेपी कराने निकले थे। कार अनुराग चला रहा था। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद क्रेन बुलाकर कंटेनर हटवाया, तब जाकर कार में फंसे शवों को निकाला जा सका।
![]()
श्याम कृष्ण यादव कैंसर पीड़ित थे और एक प्राइवेट स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाते थे। बड़े बेटे अभिनव कृष्ण मुंबई में CBI इंस्पेक्टर हैं। हादसे की खबर मिलते ही बेटी मीनू यादव और दामाद अभिषेक यादव मौके पर पहुंचे। शव देखकर मीनू और 12 साल की नातिन अनुष्का फूट-फूटकर रो पड़ी। अनुष्का ने बताया कि नाना ने कल ही वीडियो कॉल पर मुझसे एक घंटे बात की थी और ऑनलाइन पढ़ाया था। नहीं पता था कि आज उन्हें इस हालत में देखूंगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंटेनर सड़क किनारे खड़ा था और ड्राइवर-क्लीनर सड़क पार कर रहे थे, तभी कार उन्हें रौंदते हुए कंटेनर में जा घुसी। दोनों राज्यों में हुए इन बड़े हादसों ने तेज रफ्तार, सड़क पर खड़े भारी वाहनों और ड्राइवरों की थकान-झपकी से होने वाली दुर्घटनाओं पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Road accident in India)




