Google Analytics —— Meta Pixel

तमिलनाडु में दो बसों की भिड़ंत, 11 की मौत, आगरा में दो MBBS छात्रों ने गंवाई जान

Accident in Tamil Nadu: तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में रविवार दोपहर को भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। दरअसल, तिरुपत्तूर इलाके में स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की दो बसें आमने-सामने भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि बसों के आगे के हिस्से चकनाचूर हो गए और सीटें मलबे में बदल गई। मृतकों में 8 महिलाएं, 2 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:- MP में जमीन विवाद के चलते खूनी संघर्ष, 6 बीघा जमीन के लिए तीन सगे भाइयों की हत्या, चार गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बसें ड्राइवर साइड से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शव सीटों में फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने बसों के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सड़क पर मलबा बिखरा पड़ा था और लोग लहूलुहान स्थिति में दिखाई दे रहे थे। तमिलनाडु की घटना के कुछ घंटे बाद उत्तर प्रदेश के आगरा में हुए हादसे ने भी सभी को दहला दिया, जहां दो MBBS छात्रों की मौत हो गई, जिनकी पहचान तनिष्क गर्ग (22) और सिद्ध अग्रवाल (22) के रूप में हुई है। दोनों एसएन मेडिकल कॉलेज में MBBS थर्ड ईयर के छात्र थे। (Accident in Tamil Nadu)

  

दोनों दोस्त बाइक से किसी परिचित के घर गए थे। लौटते समय खंदारी फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस को आशंका है कि किसी छोटे वाहन की हल्की टक्कर के बाद बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों 10 फीट दूर जा गिरे। हेलमेट फट गया और उनके सिर डिवाइडर से टकरा गए। सबसे दर्दनाक बात यह है कि दोनों युवक करीब एक घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन न कोई राहगीर रुका, न पुलिस पहुंची। कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे, जिन्होंने देर से पुलिस को सूचना दी। जब अस्पताल पहुंचाया गया, तब दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

सिद्ध के पिता राजेश अग्रवाल ने बताया कि उनका बेटा शाम 4 बजे घर से निकला था। वह नीट में अच्छे अंक लाकर MBBS में आया था और परिवार का गौरव था। पिता ने रोते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचा देता तो शायद मेरा बेटा बच जाता। मेरा सब कुछ खत्म हो गया। मृतक तनिष्क और सिद्ध के साथी मेडिकल छात्र अस्पताल की इमरजेंसी में जमा हो गए और कई छात्र-छात्राएं फूट-फूटकर रोते नजर आए। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि हमने भविष्य के दो होनहार डॉक्टर खो दिए। (Accident in Tamil Nadu)

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि घटनास्थल पर सिर्फ एक सामान्य हेलमेट मिला है, जो संभवतः तनिष्क का था। सिद्ध के हेलमेट पहनने की पुष्टि नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अगर किसी वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है तो उसके चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के शक्तिपीठ मां कुदरगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो रविवार देर रात तेज रफ्तार में पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 7 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

कैसे हुआ हादसा

मामला ओड़गी थाना क्षेत्र का है। सभी श्रद्धालु मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के कुम्हिया गांव के रहने वाले थे और 30 नवंबर की रात मां कुदरगढ़ी धाम में दर्शन के लिए सूरजपुर आए थे। देर शाम वे लौटने के लिए निकले थे। इस बीच ओड़गी और चांदनी-बिहारपुर के बीच बांक गांव के पास उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सतीश ठाकुर नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थी। टक्कर के बाद शव बोलेरो में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। (Accident in Tamil Nadu)

चार गंभीर रूप से घायल, सूरजपुर रेफर

हादसे में 7 श्रद्धालु घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चार गंभीर घायलों को सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि तीन का इलाज ओड़गी सीएचसी में जारी है। रेफर किए गए घायलों को सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय बोलेरो तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जहां हादसा हुआ, वह स्थान खतरनाक मोड़ के चलते दुर्घटना-जन्य क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। यह हादसा एक बार फिर बताता है कि पहाड़ी और मोड़दार रास्तों पर तेज रफ्तार कितनी खतरनाक साबित हो सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!