Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में शादी समारोह में खूनी विवाद, दूल्हे के दोस्त के चाचा की चाकू मारकर हत्या

Murder in Bilaspur: बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डांस फ्लोर पर शुरू हुआ मामूली विवाद बड़ी वारदात में बदल गया। दूल्हे के दोस्त के चाचा की 6 युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बड़कू उर्फ रामभजन यादव के रूप में हुई है, जो बरतोरी गांव के रहने वाले थे। दरअसल, 28 नवंबर की रात बरतोरी गांव में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। चुलमाटी के दौरान डीजे पर नाचते समय कुश यादव और संदीप निषाद का हाथ आपस में टकरा गया। इसी बात पर संदीप भड़क गया और कुश को गाली देकर थप्पड़ मार दिया।

यह भी पढ़ें:- तमिलनाडु में दो बसों की भिड़ंत, 11 की मौत, आगरा में दो MBBS छात्रों ने गंवाई जान

कुछ ही देर में उसके साथी भी आ गए और सभी ने मिलकर कुश पर हमला शुरू कर दिया। संदीप ने कुश का गला पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। मारपीट बढ़ता देख कुश के चाचा बड़कू उर्फ रामभजन यादव बीच बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस बीच भीड़ में मौजूद एक युवक ने चाकू निकाल लिया और रामभजन के बाएं सीने, माथे और आंख के नीचे तीन वार किए। गंभीर रूप से घायल रामभजन वहीं गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए। (Murder in Bilaspur)

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

घटना की सूचना मिलने पर भीम पटेल, विजय निषाद और मृतक के पिता रामभरोस मौके पर पहुंचे। वे रामभजन को तुरंत बिल्हा अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे कुश यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। रात में ही बिल्हा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घंटों में सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 4 नाबालिग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। (Murder in Bilaspur)

Back to top button
error: Content is protected !!