भारत ने पहले वनडे में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त

India South Africa ODI: भारत ने रविवार को रांची के JSCA स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के शानदार शतक की मदद से 349/8 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका 49.2 ओवर में 332 रन पर आउट हो गई। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत की शुरुआत तेज रही, लेकिन यशस्वी जायसवाल जल्द आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पारी संभालते हुए शतकीय साझेदारी की। कोहली ने 135 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में शादी समारोह में खूनी विवाद, दूल्हे के दोस्त के चाचा की चाकू मारकर हत्या
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 57 और कप्तान केएल राहुल ने 60 रन बनाए। अंतिम ओवरों में राहुल ने मार्को यानसन की गेंद पर शानदार रिवर्स स्कूप से छक्का भी लगाया। भारत के लिए गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने 3 और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए। मुकाबले में बड़े स्कोर और कड़ी टक्कर के बीच अंतिम ओवर तक रोमांच कायम रहा। भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन और निर्णायक समय पर गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ ने टीम को जीत दिलाई। 350 के लक्ष्य का पीछा कर रही साउथ अफ्रीका की शुरुआत बुरी रही। टीम ने 11 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। कुलदीप यादव की गेंदों ने मिडिल ऑर्डर को जकड़ लिया, जबकि हर्षित राणा की तेज गेंदों ने ब्रेविस को छक्का जड़ने के ठीक बाद आउट कर बदला लिया।

टोनी डी जॉर्जी को दो बार जीवनदान मिलने के बावजूद वे LBW होकर लौटे। गेंद इतनी गीली हो चुकी थी कि 38वें ओवर में अंपायरों को गेंद बदलनी पड़ी। जब मैच लगभग भारत की ओर झुक चुका था, तब कॉर्बिन बॉश ने आक्रमक बल्लेबाजी कर मैच को रोमांचक बना दिया। उनका बैट 45वें ओवर में टूट भी गया, लेकिन नया बैट लेकर वे फिफ्टी तक पहुंचे। इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जकी और मार्को यानसन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों एक ही ओवर में आउट हो गए। अंतिम ओवर में अफ्रीका को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। अंतिम ओवर प्रसिद्ध कृष्णा लेकर आए। पहली गेंद यॉर्कर, रन नहीं। (India South Africa ODI)

अगली गेंद पर कॉर्बिन बॉश बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे और उनकी 67 रनों की पारी व्यर्थ गई। इसी के साथ भारत ने मुकाबला 17 रन से जीत लिया। मैच में कई दिलचस्प पल भी देखने को मिले। विराट कोहली का शतक पूरा होते ही एक दर्शक मैदान में घुस आया और उनके पैर छूने लगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेला जाएगा। बता दें कि साउथ अफ्रीका ने टेस्ट मैच में भारत पर क्लीन स्वीप किया है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज को साउथ अफ्रीका ने एकतरफा जीता है। (India South Africa ODI)



