रांची वनडे में रिकॉर्ड्स की बरसात, कोहली, रोहित और भारतीय जोड़ी के नाम जुड़ी नई उपलब्धियां

Records in Ranchi ODI: बिहार के रांची में खेले गए भारत-साउथ अफ्रीका वनडे ने न सिर्फ रोमांचक क्रिकेट दिया, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी टूटे और बने। मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहा विराट कोहली का 52वां वनडे शतक, जिसने उन्हें क्रिकेट इतिहास में किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला बल्लेबाज बना दिया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 51 टेस्ट शतकों को पीछे छोड़ा। इसी मैच में रोहित शर्मा ने भी इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराया। मार्को यानसन की गेंद पर छक्का लगाते ही वे वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने शाहिद अफरीदी के 351 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें:- भारत ने पहले वनडे में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त

विराट और रोहित की जोड़ी ने भी एक खास मुकाम हासिल किया। दोनों ने साथ मिलकर अपना 392वां इंटरनेशनल मैच खेला, जिससे वे भारत की सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली जोड़ी बन गई। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी (391 मैच) को पीछे छोड़ दिया। दोनों खिलाड़ियों ने वनडे में अपनी 52वीं 50+ साझेदारी भी पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने वनडे में अपनी 20वीं शतकीय साझेदारी की, जो लगातार दूसरी सेंचुरी पार्टनरशिप भी रही। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी दोनों खिलाड़ियों ने नई उपलब्धियां पाई हैं। रोहित ने 56 मैचों में 2000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन पूरे किए, जबकि कोहली अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सिर्फ 30 मैचों में 6 शतक जड़ दिए। (Records in Ranchi ODI)

 

इस मैच में विराट कोहली ने रांची में अपना तीसरा शतक लगाया, जो किसी एक भारतीय वेन्यू पर किसी भी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा शतक हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (वडोदरा में 3 शतक) के नाम था। भारत ने इस मैच में रांची के इतिहास का सबसे बड़ा वनडे स्कोर (349/8) भी बनाया। इससे पहले 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने इसी मैदान पर 313/5 बनाए थे। यह स्कोर साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का दूसरा सबसे बड़ा टोटल भी है। एक दिलचस्प आंकड़ा यह भी रहा कि भारत लगातार 19वां वनडे टॉस हार गया। ऐसा सिलसिला 2023 विश्व कप फाइनल से चला आ रहा है। इससे पहले सबसे लंबी टॉस हारने की स्ट्रीक नीदरलैंड की थी, जिसमें टीम ने लगातार 11 मैच में टॉस हारा था। रांची वनडे ने सिर्फ भारत को बढ़त नहीं दिलाई, बल्कि क्रिकेट की किताब में कई नए रिकॉर्ड भी जोड़ दिए।

Back to top button
error: Content is protected !!