MP में जमीन विवाद के चलते खूनी संघर्ष, 6 बीघा जमीन के लिए तीन सगे भाइयों की हत्या, चार गंभीर

Bloody Conflict in Tikamgarh: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के सिमरा खुर्द गांव में रविवार को जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए इस संघर्ष में तीन सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। विवाद लक्ष्मी प्रसाद लोधी की 6 बीघा जमीन को लेकर था, जो कागजों में उनके चाचा घनश्याम लोधी के नाम पर दर्ज है। परिजन दावा करते हैं कि चाचा की मौत के बाद उन्होंने जमीन पर अपना अधिकार जताया था। रविवार को आरोपी पक्ष ट्रैक्टर लेकर खेत में बुआई करने पहुंचा। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें:- GST कंपेनसेशन सेस की जगह नया टैक्स: सरकार आज लोकसभा में दो बिल पेश करेगी
इस हमले में परमलाल लोधी, चतुर्भुज लोधी और बलराम उर्फ बल्ले लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुन्नी लोधी, रेखा लोधी, 7 साल की स्नेहा लोधी और 17 साल का करण लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को जतारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसआई एनएस ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, एएसपी और एसडीओपी अभिषेक गौतम ने अस्पताल और घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। साथ ही आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। (Bloody Conflict in Tikamgarh)
पुलिस हिरासत में 2 आरोपी
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम के अनुसार 5 पुरुष और 2 महिलाओं समेत कुल 7 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मृतकों के भाई लक्ष्मी प्रसाद लोधी ने आरोप लगाया कि चाचा घनश्याम लोधी की मौत के बाद गांव के पहलवान लोधी और उनके परिवार ने जमीन को फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा लिया था। इस संबंध में उन्होंने पहले ही तहसील में शिकायत दी थी। जतारा एसडीएम संजय दुबे ने बताया कि जमीन विवाद का मामला सिविल कोर्ट जतारा में विचाराधीन है। इस मुकदमे की पहली सुनवाई 7 मई 2024 को हुई थी और अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2025 को निर्धारित की गई है। (Bloody Conflict in Tikamgarh)



