बकरी चराने के दौरान 17 साल की नाबालिग से दुष्कर्म, 52 साल का आरोपी गोवा से गिरफ्तार

Minor Raped in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसकी वजह से 17 साल की पीड़िता गर्भवती हो गई। पुलिस ने आरोपी मिलराम तिर्की (52) को गोवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव का रहने वाला एक चरवाहा है, जिसने पीड़िता को डर-धमकाकर लंबे समय तक दुष्कर्म किया। जानकारी के मुताबिक यह घटना बागबहार थाना क्षेत्र की है। पीड़िता के पिता ने 6 अक्टूबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत से कुछ दिन पहले ही पीड़िता की चाची ने परिवार को बताया कि लड़की को पीरियड नहीं आ रहा है।
यह भी पढ़ें:- फर्जी जाति प्रमाण पत्र से सरकारी नौकरी…!, जांच के घेरे में 250 नए प्रमाण पत्र
परिवार वालों ने पीड़िता से पूछताछ की, जिसमें उसने रो-रोकर बताया कि आरोपी मिलराम तिर्की उसे जंगल में बकरी चराने के दौरान डरा-धमकाकर बार-बार दुष्कर्म करता था। शर्मिंदगी और डर के कारण वह यह बात किसी को नहीं बता पा रही थी। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद यह मामला उजागर हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया। शिकायत के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार टेक्निकल सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और नेटवर्क की मदद से आरोपी की तलाश की। (Minor Raped in Jashpur)
पुलिस ने आरोपी को गोवा से किया गिरफ्तार
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मिलराम तिर्की गोवा के मझगांव बस स्टैंड के पास एक रेस्टोरेंट में वेटर का काम कर रहा है। SSP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गोवा रवाना हुई और 3 दिसंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे 4 दिसंबर को वापस जशपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। SP शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन अंकुश के तहत आरोपी की गिरफ्तारी बड़ी सफलता है। हम ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शेंगे नहीं। (Minor Raped in Jashpur)




