इंडिगो उड़ान संकट: 7वें दिन 300 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल, 6 दिन में 3900 उड़ानें रद्द

Indigo Flight Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का ऑपरेशन सोमवार को भी सामान्य नहीं हो सका। दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और श्रीनगर एयरपोर्ट से सुबह 9 बजे तक 300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इससे एक दिन पहले भी एयरलाइन 650 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल कर चुकी है। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया कि स्थिति लगातार सुधर रही है और 10 दिसंबर तक नेटवर्क के सामान्य होने की उम्मीद है। पहले कंपनी ने 10 से 15 दिसंबर तक स्थिति सामान्य होने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें:- मध्यप्रदेश की उन्नत सिंचाई तकनीक ‘प्रेशर इरिगेशन नेटवर्क’ का सीएम साय ने किया अवलोकन, छत्तीसगढ़ में भी होगा विस्तार
हालिया संकट के बीच कंपनी ने 610 करोड़ के रिफंड प्रोसेस और 3,000 यात्रियों का बैगेज वापस पहुंचाने का दावा किया है। सरकार ने एयरलाइन को निर्देश दिए थे कि रविवार रात 8 बजे तक सभी रिफंड पूरे किए जाएं और अलग हुए बैगेज 48 घंटे में यात्रियों को लौटाए जाएं। इंडिगो ने कहा कि संकट के सही कारणों की जांच के लिए ‘रूट कॉज एनालिसिस’ किया जाएगा। एक अधिकारी के मुताबिक नई FDTL (Flight Duty Time Limitation) व्यवस्था लागू होने के कारण क्रू प्लानिंग में बफर की कमी आई। पायलटों की कमी नहीं है, लेकिन अन्य एयरलाइनों जितना बफर स्टाफ उपलब्ध नहीं था। संसदीय समिति भी इंडिगो और DGCA अधिकारियों को तलब कर सकती है। (Indigo Flight Crisis)
बेंगलुरु, दिल्ली, श्रीनगर, हैदराबाद में फ्लाइट्स कैंसिल
DGCA ने इंडिगो के सीईओ और अकाउंटेबल मैनेजर को नोटिस के जवाब के लिए सोमवार शाम तक का समय दिया है। कंपनी ने समय बढ़ाने का आग्रह किया था। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी लिमिटेड के मुताबिक बेंगलुरु से इंडिगो ने 65 आने वाली और 62 जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं। इस तरह 127 फ्लाइट कैंसिल की गई है। अगला अपडेट शाम 6 बजे के बाद शेयर किया जाएगा। वहीं दिल्ली में इंडिगो ने कुल 134 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। इनमें 75 जाने वाली और 59 आने वाली फ्लाइट शामिल हैं। श्रीनगर एयरपोर्ट पर 16 फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की 77 फ्लाइट्स में रुकावट आई, जिनमें से 38 आने वाली और 39 जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं।
DGCA ने इंडिगो को मिली अस्थायी राहत
DGCA ने 10 फरवरी 2026 तक पायलटों को वीकली रेस्ट के बदले कोई छुट्टी न देने वाले नियम को वापस ले लिया है। बता दें कि DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और बाकी क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए थे। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इसे दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ। वहीं 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियम पायलटों और क्रू को ज्यादा आराम देने पर जोर देते हैं, जिससे इंडिगो के पास पायलट-क्रू मेंबर्स की कमी हो गई है। (Indigo Flight Crisis)



