T-20 सीरीज में भारत की शानदार जीत, साउथ अफ्रीका को 101 रन से हराया पहला मैच

India South Africa T20: ओडिशा के कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेले गए पहले T-20 मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 101 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला टीम को भारी पड़ गया। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। सबसे बड़ी पारी हार्दिक पंड्या के बल्ले से निकली। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों पर 59 रन कूटे, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसी मैच में पंड्या ने T-20 इंटरनेशनल में अपने 100 छक्के भी पूरे कर लिए।
यह भी पढ़ें:- वीर नारायण सिंह से लाल सिंह मांझी तक संघर्ष की अनकही गाथा
दूसरे बल्लेबाजों में तिलक वर्मा ने 26 रन, अक्षर पटेल ने 23 रन, अभिषेक शर्मा ने 17 रन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने 3 और लुथो सिपामला ने 2 विकेट लिए। 175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 16.5 ओवर में सिर्फ 74 रन पर सिमट गई। यह T-20 इंटरनेशनल में दक्षिण अफ्रीका का सबसे छोटा स्कोर है। टीम की ओर से सिर्फ डेवॉल्ड ब्रेविस (22) ही थोड़ा संघर्ष कर पाए। 7 बल्लेबाज दोहरे अंकों तक भी नहीं पहुंच सके। (India South Africa T20)

भारत के गेंदबाजों ने सामूहिक रूप से शानदार प्रदर्शन किया। अर्शदीप सिंह ने डी कॉक और स्टब्स को आउट किया। वहीं जसप्रीत बुमराह ने केशव महाराज और ब्रेविस को पवेलियन भेजा। इसी मैच में बुमराह ने T-20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे किए। वरुण चक्रवर्ती ने यानसन, फरेरा, अक्षर पटेल ने नॉर्खिया, मार्करम, हार्दिक पंड्या ने डेविड मिलर और शिवम दुबे ने लुथो सिपाम्ला के विकेट लिए। भारत ने नौवीं बार T-20 मैच में 100+ रन के अंतर से जीत दर्ज की। हार्दिक पंड्या के नाम T-20 में अब 100 छक्के और 99 विकेट दर्ज हो गए हैं। सीरीज का दूसरा मुकाबला 11 दिसंबर को पंजाब के मोहाली में खेला जाएगा।




