सूरजपुर में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती से हैवानियत, जशपुर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, 2 बार कराया गर्भपात

Chhattisgarh Rape Case: सूरजपुर जिले के थाना चांदनी क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 10 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे की है, जब पीड़िता की मां अपनी बेटी की तलाश करते हुए धान खरीदी केंद्र के पास पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच युवती बदहवास हालत में रोती हुई मिली। पूछने पर पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि उसके साथ गलत काम हुआ है।
यह भी पढ़ें:- कुंवारा बनकर की चार शादियां, 44 लाख की ठगी, ‘लुटेरा दूल्हा’ गुजरात से गिरफ्तार
इसी दौरान पीड़िता की मां ने धान खरीदी केंद्र के पास बने कचरा डंपिंग स्थल से एक युवक को निकलते हुए देखा। संदेह होने पर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चांदनी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुखवंत गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एडिशनल एसपी संतोष कुमार महतो ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है और पीड़िता को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। (Chhattisgarh Rape Case)
जशपुर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
वहीं जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान नागेंद्र उरांव के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने झारखंड के रांची से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर 35 साल की युवती से दुष्कर्म की थी। आरोप है कि 2023 में आरोपी पहले से शादीशुदा होने के बावजूद पीड़िता को धोखे में रखकर शादी का झांसा देता रहा और इस दौरान उसने युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी के कारण वह दो बार गर्भवती हुई, जिसके बाद आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात भी कराया। मामले की शिकायत मिलने पर सन्ना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन आरोपी तभी से फरार चल रहा था। (Chhattisgarh Rape Case)
दुष्कर्म का आरोपी सुकमा से गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रांची में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इधर, बालोद जिले की पुलिस ने दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को नक्सल प्रभावित इलाके से गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। बालोद थाने में दर्ज मामले के आरोपी हिमांशु सिन्हा को पुलिस ने सुकमा जिले के तोंगपाल क्षेत्र से धर दबोचा। (Chhattisgarh Rape Case)
लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
आरोपी पिछले दो महीनों से लगातार ठिकाने बदल रहा था। पीड़िता ने 17 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में घुसकर उसे गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, एएसआई धरम भुआर्य समेत 11 पुलिसकर्मी शामिल रहे। (Chhattisgarh Rape Case)



