Google Analytics —— Meta Pixel

धर्मशाला में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त, 17 दिसंबर को चौथा मुकाबला

India vs South Africa: भारतीय टीम ने T-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। रविवार शाम खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 118 रन के छोटे लक्ष्य को 15.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। जीत के हीरो गेंदबाज अर्शदीप सिंह रहे, जबकि बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी ने मैच भारत के पक्ष में मोड़ दिया। धर्मशाला स्टेडियम में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही साउथ अफ्रीका पर दबाव बना दिया।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी जॉर्डन के लिए रवाना, 75 साल पुराने रिश्तों और IMEC कॉरिडोर पर होगी अहम बातचीत

अफ्रीकी टीम ने सिर्फ 7 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक (1), रीजा हेंड्रिक्स (0) और डेवाल्ड ब्रेविस (2) सस्ते में पवेलियन लौट गए। एक छोर से कप्तान ऐडन मार्करम ने पारी संभालने की कोशिश की। उन्होंने 46 गेंदों में 61 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। डोनेवान फरेरा ने 20 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 20 ओवर में 117 रन पर सिमट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों ने 31 गेंदों में 68 रनों की साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों पर 35 रन बनाए, जिसमें पारी की पहली ही गेंद पर लगाया गया छक्का भी शामिल था। उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने नाबाद 26 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। शिवम दुबे ने लगातार दो चौके लगाकर मैच खत्म किया। मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच अर्शदीप सिंह ने कहा कि पिछले मुकाबले में उनका दिन खराब था, लेकिन इस मैच में उन्होंने गेंद को सही एरिया में डालने पर फोकस किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम ने पिछले मैच से सीख ली और बुनियादी चीजों पर लौटकर शानदार वापसी की।

बता दें कि 5 मैचों की T-20 सीरीज में भारत ने 2-1 से बढ़त बना ली है। चौथा मुकाबला 17 दिसंबर को लखनऊ में खेला जाएगा। भारत अब सीरीज में आगे है और टीम के पास अगला मैच जीतकर 3-1 से सीरीज पर कब्जा करने का मौका है।जबकि दक्षिण अफ्रीका इसके जवाब में सीरीज को 2-2 से बराबरी पर लाने की कोशिश करेगी।  T-20 सीरीज का 5वां और आखिरी मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला है। बता दें कि 5 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने जीता था। जबकि दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि तीसरे मैच में जीतकर भारत ने बढ़त बना ली है। (India vs South Africa)

Back to top button
error: Content is protected !!