Google Analytics —— Meta Pixel

तीसरे T-20 मैच में बने कई रिकॉर्ड, हार्दिक पंड्या, शुभमन गिल और वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास

India Vs Africa T20: धर्मशाला में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए तीसरे T-20 मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के साथ कई बड़े रिकॉर्ड भी बने। यह मैच सिर्फ जीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों वाला मुकाबला साबित हुआ। इस मैच में हार्दिक पंड्या ने T-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। वे 1000 से ज्यादा रन और 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। हार्दिक ने अब तक 1939 रन और 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। वे इस क्लब में शामिल होने वाले पहले फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर भी बने। इससे पहले इस सूची में शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी और सिकंदर रजा जैसे विदेशी स्पिन ऑलराउंडर ही शामिल थे।

यह भी पढ़ें:- धर्मशाला में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त, 17 दिसंबर को चौथा मुकाबला

शुभमन गिल ने भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। गिल इस साल तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। साल 2025 में उनके कुल रन 1764 हो चुके हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के शाई होप का रिकॉर्ड तोड़ा। यह माइलस्टोन उन्होंने भारतीय पारी के चौथे ओवर में मार्को यानसन की गेंद पर चौका लगाकर हासिल किया। अभिषेक शर्मा ने T-20 इंटरनेशनल में तीसरी बार पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर एक और अनोखा रिकॉर्ड बना दिया। वे ऐसा करने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले रोहित शर्मा, संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल यह कारनामा सिर्फ एक-एक बार कर पाए थे।

 

गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन भी रिकॉर्डतोड़ रहा। उन्होंने सिर्फ 30 पारियों में अपने 50 T-20 इंटरनेशनल विकेट पूरे कर लिए और भारत के लिए दूसरे सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। गेंदों के लिहाज से भी उन्होंने 672 गेंदों में यह मुकाम हासिल कर इमरान ताहिर और राशिद खान जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। अर्शदीप सिंह ने पावरप्ले ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। शुरुआती छह ओवरों में उनके अब 48 विकेट हो चुके हैं, जिससे उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ दिया। (India Vs Africa T20)

वहीं साउथ अफ्रीका के लिए यह मैच निराशाजनक रहा। क्विंटन डी कॉक टी-20 इंटरनेशनल में नौवीं बार शून्य पर आउट हुए और इस मामले में वे अपनी टीम के सबसे आगे पहुंच गए। इस तरह धर्मशाला का यह मुकाबला भारत की जीत के साथ-साथ रिकॉर्ड्स, उपलब्धियों और यादगार पलों के लिए भी लंबे समय तक याद किया जाएगा। बता दें कि 5 मैचों की T-20 सीरीज में भारत ने 2-1 से बढ़त बना ली है। चौथा मुकाबला 17 दिसंबर को लखनऊ में खेला जाएगा। भारत अब सीरीज में आगे है और टीम के पास अगला मैच जीतकर 3-1 से सीरीज पर कब्जा करने का मौका है। जबकि दक्षिण अफ्रीका इसके जवाब में सीरीज को 2-2 से बराबरी पर लाने की कोशिश करेगी।  T-20 सीरीज का 5वां और आखिरी मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला है।

Back to top button
error: Content is protected !!