84 लाख के इनामी 34 नक्सली कैडर मुख्यधारा में लौटे, 7 महिला भी शामिल

Naxalite Surrender in Bijapur: बीजापुर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही सरकार की प्रभावी पुनर्वास नीति को एक बड़ी सफलता मिली है। “पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन” योजना से प्रभावित होकर 34 नक्सली कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। इन पर कुल 84 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में 07 महिला और 27 पुरुष कैडर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : नकली अफसर, असली साजिश- डॉक्टर के घर फर्जी रेड, 12 आरोपी गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर
यह आत्मसमर्पण राज्य शासन की नक्सल उन्मूलन नीति, सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई, संवाद और विकास आधारित प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली दक्षिण सब जोनल ब्यूरो (DKSZC), तेलंगाना स्टेट कमेटी, और AOB डिवीजन जैसे संगठनों से जुड़े थे। इनमें डीवीसीएम, एसीएम, पीपीसीएम, पीएलजीए सदस्य, मिलिशिया प्लाटून कमांडर, जनताना सरकार अध्यक्ष/उपाध्यक्ष और विभिन्न आरपीसी के सदस्य शामिल हैं। (Naxalite Surrender in Bijapur)

बीजापुर जिले में 01 जनवरी 2024 से अब तक 824 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं। 1079 नक्सली गिरफ्तार किए गए। 220 नक्सली अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए। ये आंकड़े बताते हैं कि दक्षिण बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान निर्णायक मोड़ पर है। राज्य शासन की नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले हर नक्सली कैडर को 50,000 रुपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उनके समाज में पुनर्वास और पुनर्समावेशन की विधिक प्रक्रिया जारी है, ताकि वे सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।
SP ने नक्सलियों से की अपील
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने नक्सलियों से अपील करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति नक्सलियों को आकर्षित कर रही है। आत्मसमर्पण करने वालों के परिजन भी चाहते हैं कि वे सामान्य जीवन जिएं और समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें। उन्होंने आगे कहा कि नक्सली भ्रामक और हिंसक विचारधाराओं को त्यागकर निर्भय होकर समाज की मुख्यधारा में लौटें। शासन की ‘पूना मारगेम’ नीति उनके भविष्य को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्वावलंबी बनाने के लिए हर संभव सुविधा प्रदान कर रही है। (Naxalite Surrender in Bijapur)




