गर्लफ्रेंड संग समय बिताने के लिए ली छुट्टी, मैनेजर बोला- लीव अप्रूव्ड! सोशल मीडिया पर छाया मेल, पढ़े पूरी खबर
बदलते वर्क कल्चर में अब ईमानदारी और पारदर्शिता को प्राथमिकता मिलने लगी है। ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक कर्मचारी ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ समय बिताने के लिए अपने मैनेजर से साफ-साफ छुट्टी मांगी।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : नकली अफसर, असली साजिश- डॉक्टर के घर फर्जी रेड, 12 आरोपी गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर
कर्मचारी ने मेल में किसी तरह का बहाना नहीं बनाया, बल्कि पूरी ईमानदारी से लिखा कि उसकी गर्लफ्रेंड 17 दिसंबर को उत्तराखंड अपने घर जा रही है और जनवरी की शुरुआत तक वापस नहीं आएगी। ऐसे में वह उसके जाने से पहले 16 दिसंबर को एक दिन की छुट्टी चाहता है।
यह मेल ओरल केयर ब्रांड के डायरेक्टर विरेन खुल्लर तक पहुंचा, जिन्होंने छुट्टी के इस अनुरोध का स्क्रीनशॉट लिंक्डइन पर साझा किया। पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई। विरेन खुल्लर ने लिखा कि पहले ऐसे मौकों पर लोग अचानक “बीमार हूं” कहकर छुट्टी ले लिया करते थे, लेकिन अब कर्मचारी पहले से योजना बनाकर और सच्चाई के साथ अपनी बात रखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की ईमानदारी से न सिर्फ प्लानिंग आसान होती है, बल्कि आपसी भरोसा भी बढ़ता है।
छुट्टी के अनुरोध पर मैनेजर ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया— “प्यार को मना नहीं किया जा सकता, छुट्टी मंजूर!”
इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। लोगों ने कर्मचारी की ईमानदारी और मैनेजर की समझदारी की सराहना की। कई यूजर्स ने इसे हेल्दी वर्क कल्चर की मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसा माहौल कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।
कुल मिलाकर, यह मामला दर्शाता है कि आज के वर्कप्लेस में काम के साथ-साथ निजी जीवन, भरोसे और सहानुभूति को भी उतनी ही अहमियत दी जा रही है।



