Google Analytics —— Meta Pixel

खैरागढ़ के इस स्कूल में पहुंचते ही बिगड़ रही छात्राओं की तबीयत, 15 दिन में 25 छात्राएं बेहोश

Khairbana School of Khairagarh: खैरागढ़ जिले के छुईखदान विकासखंड स्थित खैरबना शासकीय प्राथमिक शाला इन दिनों शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भय और सवालों का विषय बनी हुई है। बीते करीब पंद्रह दिनों से स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि बच्चियां घर से पूरी तरह स्वस्थ निकलती हैं, लेकिन जैसे ही स्कूल परिसर में प्रवेश करती हैं, उन्हें चक्कर आने लगते हैं और कई छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ती हैं।

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में जादू-टोना के शक में 82 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या, धमतरी में चाकूबाजी से सनसनी

अब तक 20 से 25 छात्राएं इस रहस्यमयी स्थिति की चपेट में आ चुकी हैं। रोजाना किसी न किसी बच्ची के बेहोश होने की खबर से स्कूल में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कुछ अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी हिचकने लगे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल परिसर में लगातार मेडिकल कैंप लगाए। डॉक्टरों की टीम ने प्रभावित छात्राओं के ब्लड टेस्ट समेत सभी आवश्यक चिकित्सकीय जांच की। हालांकि जांच रिपोर्ट में किसी भी तरह की शारीरिक बीमारी, संक्रमण या जहरीले पदार्थ के प्रमाण नहीं मिले। सभी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद सवाल और गहरा हो गया कि आखिर बच्चियां बीमार क्यों पड़ रही हैं।

 

कलेक्टर ने किया स्कूल का निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर खुद स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया, स्वास्थ्य अधिकारियों से जानकारी ली और बीएमओ को निर्देश दिए कि प्रभावित छात्राओं की मनोवैज्ञानिक जांच कराई जाए, ताकि समस्या की असली वजह सामने आ सके। (Khairbana School of Khairagarh)

मास हिस्टीरिया की आशंका

स्वास्थ्य विभाग के शुरुआती आकलन में इस पूरे मामले को मास हिस्टीरिया यानी सामूहिक मानसिक प्रभाव का मामला माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक कई बार बच्चों में डर, तनाव या किसी एक घटना की चर्चा पूरे समूह पर मानसिक असर डाल देती है। ऐसे में एक बच्ची को देखकर दूसरी बच्ची में भी वही लक्षण उभर आते हैं, जबकि शरीर में कोई वास्तविक बीमारी नहीं होती। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अभिभावकों ने जताई चिंता

वहीं अभिभावकों में चिंता साफ झलक रही है। अब सभी की निगाहें मनोवैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि खैरबाना स्कूल में फैला यह डर कब और कैसे खत्म होगा। जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल ने कहा कि पूरी सतर्कता के साथ जांच की जा रही है। खैरबाना स्कूल की यह घटना एक बार फिर समाज, प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था का ध्यान इस अहम सच्चाई की ओर खींचती है कि बच्चों की पढ़ाई जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी है। (Khairbana School of Khairagarh)

नियमित काउंसलिंग भी जरूरी

केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों को तनावमुक्त, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण देना भी उतना ही आवश्यक है। समय रहते अगर बच्चों के डर, दबाव और मानसिक स्थिति को समझकर उस पर काम किया जाए तो ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है। यह मामला इस बात का संकेत है कि स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था के साथ-साथ नियमित काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और अभिभावकों समेत शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद की भी बेहद जरूरत है, ताकि बच्चे न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ रह सकें।

Back to top button
error: Content is protected !!